Agra News: मिट्टी डालने के विवाद में टोल कर्मचारियों से मारपीट, मोबाइल और कैमरे तोड़ने का आरोप

आगरा के अछनेरा थाना क्षेत्र में मिट्टी डालने के विवाद में दबंगों ने टोल कर्मियों पर हमला कर दिया। आरोप है कि टोल कर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर बेरहमी से पीटा। मोबाइल, कैमरा तोड़े और गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया। कई कर्मचारी घायल हो गए। घटना 15 अगस्त रात करीब 2:20 मिनट की बताई गई है। आरोप है कि खनन में शामिल कुछ दबंग जबरन सड़क पर मिट्टी डाल रहे थे। वहां मौजूद टोल कर्मियों ने जब इनको रोकने का प्रयास किया तो आगबबूला हो गए। लाठी-डंडों से लैस लोगो ने टोल कर्मियों पर धावा बोल दिया। खुद को बचाने के लिए भाग रहे कर्मियों को घेरकर पीटा गया। हमलावरों ने कर्मियों के मोबाइल और वीडियो बना रहे बॉडी कैमरे भी तोड़ दिया । टोल प्रशासन की गाड़ी पर भी पथराव कर उसकी लाइटें क्षतिग्रस्त कर दीं और कर्मियों को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित मनीष चतुर्वेदी, राम सिंह, फूल सिंह ने थाना प्रभारी अछनेरा को 15 अगस्त को लिखित शिकायत देकर दो नामजद और तीन से अधिक अज्ञात लोगों पर कार्रवाई की मांग की। एसीपी अछनेरा शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि पीड़ित की तरफ से शिकायत मिली है। पीड़ित के कोई चोट नहीं बताई गई है। चौकी प्रभारी को जांच दी गयी है। जांच कराई जा रही है। अगर जांच मे मारपीट का मामला पाया जाता है तो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा कर कार्रवाई की जाएगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Aug 16, 2026, 15:14 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Agra News: मिट्टी डालने के विवाद में टोल कर्मचारियों से मारपीट, मोबाइल और कैमरे तोड़ने का आरोप #CityStates #Agra #AgraNews #UpPolice #SubahSamachar