Railway News: नई दिल्ली-गोरखपुर के बीच एक और विशेष ट्रेन की समय सारिणी जारी, टिकटों की बुकिंग भी शुरू
रेलवे ने बरेली होते हुए नई दिल्ली-गोरखपुर के बीच एक और होली विशेष ट्रेन की समय सारिणी जारी की है। टिकटों की बुकिंग भी शुरू कर दी गई है। इसका संचालन 20 फरवरी से किया जाएगा। इस ट्रेन के संचालन से त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज सिंह ने बताया कि 04022 नई दिल्ली-गोरखपुर होली विशेष गाड़ी 20 फरवरी से छह मार्च तक प्रत्येक शुक्रवार को नई दिल्ली से दोपहर दो बजे चलने के बाद शाम 7:22 बजे बरेली आएगी और अगले दिन सुबह पांच बजे गोरखपुर पहुंचेगी। 04021 गोरखपुर-नई दिल्ली विशेष गाड़ी 21 फरवरी से सात मार्च तक प्रत्येक शनिवार को गोरखपुर से सुबह सात बजे चलने के बाद शाम 5:50 बजे बरेली आएगी और रात 11:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। पूर्णिया कोर्ट विशेष ट्रेन को एक जनवरी 2027 तक विस्तार रेलवे 05579/80 पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार विशेष एसी गाड़ी का संचालन एक जनवरी 2027 तक करेगा। यह गाड़ी पूर्णिया कोर्ट से छह मार्च से 29 दिसंबर तक प्रत्येक सोमवार, मंगलवार, शुक्रवार और रविवार को व आनंद विहार से आठ मार्च से एक जनवरी 2027 तक प्रत्येक बुधवार, बृहस्पतिवार, शुक्रवार और रविवार को चलाई जाएगी। दिसंबर तक होगा सहरसा-आनंद विहार विशेष गाड़ी का संचालन रेलवे 05575/76 सहरसा-आनंद विहार विशेष एसी गाड़ी का संचालन दिसंबर 2026 तक करेगा। यह गाड़ी सहरसा से 11 मार्च से 30 दिसंबर तक प्रत्येक बुधवार और आनंद विहार से 10 मार्च से 29 दिसंबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को चलाई जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 14, 2026, 15:36 IST
Railway News: नई दिल्ली-गोरखपुर के बीच एक और विशेष ट्रेन की समय सारिणी जारी, टिकटों की बुकिंग भी शुरू #CityStates #Bareilly #UttarPradesh #SpecialTrain #Holi2026 #HoliSpecialTrain2026 #Railway #SubahSamachar
