Ambala News: वाटर कूलर पर भैंस नहलाने से विवाद, पथराव में तीन महिलाएं हुईं घायल
अंबाला। महेशनगर थाना क्षेत्र के तहत आने वाले ब्राह्मण माजरा गांव में एक बस क्यू शेल्टर का विवाद दो पक्षों की आपसी रंजिश का कारण बन गया है। शुक्रवार को दिनभर चले घटनाक्रम के बाद गांव में तनाव इस कदर बढ़ गया कि गांव अब पुलिस छावनी में तब्दील हो चुका है। सुबह के समय गुहारे में आग लगने के कारण भड़की चिंगारी ने शाम होते-होते उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब वाटर कूलर पर भैंस नहलाने पर दो पक्षों में पथराव हो गया। इस पथराव में एक पक्ष की तीन महिलाएं सविता, दया व सरोज गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।गांव में बस क्यू शेल्टर को लेकर पिछले कुछ समय से खींचतान चल रही थी। एक पक्ष रविदास मंदिर के सामने बस क्यू शेल्टर बनाने की कह रहा है तो दूसरे पक्ष के कुछ लोग इसका विरोध कर रहे हैं। कुछ दिन पहले भी दोनों पक्षों में टकराव हुआ था, जिसमें पुलिस ने मोर्चा संभाला था। तब तो पुलिस ने जैसे तैसे हालात संभाल लिए थे। इसके बाद एक पक्ष के लोग वीरवार को एकत्रित होकर कैबिनेट मंत्री अनिल विज को ज्ञापन भी देकर आए थे। शुक्रवार सुबह गुहारे में अचानक आग लगने के कारण दोनों पक्षों के बीच तीखी बहसबाजी हुई। एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाने लगे। इसके बाद गांव से ट्रैक्टर भरकर ग्रामीण कैबिनेट मंत्री विज के पास पहुंचे तो आग का घटनाक्रम बताया। उन्होंने सोमवार को मामले के समाधान का आश्वासन दिया। शाम को विवाद दोबारा तब गहरा गया। आरोप है कि सार्वजनिक वाटर कूलर के पास भैंस नहलाने को लेकर दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि लाठी-डंडे निकल आए और दोनों तरफ से जमकर पत्थरबाजी शुरू हो गई। पथराव की इस घटना में घरों के बाहर खड़ी तीन महिलाएं मलबे और पत्थरों की चपेट में आने से लहूलुहान हो गईं। वहीं सामने वाले पक्ष के लोग भी चोटिल हुए हैं।-----भाईचारा बिगाड़ने की साजिश, पुलिस तैनात घटना के बाद ग्रामीणों में गहरा रोष है। ग्रामीणों का साफ तौर पर कहना है कि कुछ शरारती तत्वों द्वारा गांव का सदियों पुराना भाईचारा और शांतिपूर्ण माहौल बिगाड़ने की जानबूझकर कोशिश की जा रही है। मामले की गंभीरता और गांव में पसरे तनाव को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत कड़ा फैसला किया है। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए तीन अलग-अलग थानों की पुलिस को तुरंत मौके पर भेजा गया। इतना ही नहीं, किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सुरक्षा के लिहाज से कमांडो की एक विशेष टुकड़ी को भी गांव में तैनात कर दिया गया है। पुलिस बल लगातार गांव की गलियों में गश्त कर रहा है।---रविदास मंदिर में चल रही मंत्रणाघटना के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। पूरी गांव के लोग अपने-अपने घरों में हैं, वहीं कुछ लोगों में इस घटना से काफी रोष है। वो गांव के ही रविदास मंंदिर में बैठक कर रहे हैं ताकि स्थिति और न बिगड़े और गांव का भाई चारा बना रहे। गांव वासी अमित कुमार व रोहित आदि ने बताया कि जब से बस क्यू शेल्टर निर्माण की प्रक्रिया शुरु हुई है, तब से ही हालात खराब हो गए हैं। ---मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। गांव में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और अतिरिक्त बल तैनात है। किसी भी उपद्रवी को कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। हमारी गांव वासियों से अपील है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। संवादजितेंद्र सिंह, प्रभारी, महेशनगर थाना। अंबाला छावनी के ब्राहाण माजरा में तैनात पुलिस बल। संवाद अंबाला छावनी के ब्राहाण माजरा में तैनात पुलिस बल। संवाद अंबाला छावनी के ब्राहाण माजरा में तैनात पुलिस बल। संवाद अंबाला छावनी के ब्राहाण माजरा में तैनात पुलिस बल। संवाद अंबाला छावनी के ब्राहाण माजरा में तैनात पुलिस बल। संवाद अंबाला छावनी के ब्राहाण माजरा में तैनात पुलिस बल। संवाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 30, 2026, 02:44 IST
Ambala News: वाटर कूलर पर भैंस नहलाने से विवाद, पथराव में तीन महिलाएं हुईं घायल #ThreeWomenInjuredInStonePeltingAfterADisputeOverBathingABuffaloAtAWaterCooler #SubahSamachar
