Jind News: ऑनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर तीन लाख ठगे
जींद। ऑनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर आईटी कंपनी के कर्मी से अज्ञात लोगों ने तीन लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कर ली है। जुलानी निवासी हरदीप सिंह ने एफआईआर में बताया कि वह आईटी कंपनी में है। नवंबर 2025 में वह गुगल पर ऑनलाइन ट्रेडिंग एप सर्च कर रहा था। 17 नवंबर को उसके फोन पर कॉल आई। उसने खुद को तान्या बताया। फिर उसने वंशिका का व्हाटसएप नंबर देकर बात करने के लिए कहा। बातचीत होने के बाद दोनों के नंबरों से ऑनलाइन मुनाफे के स्क्रीन शॉट आने लगे। यह सिलसिला एक पखवाड़े तक चलता रहा। इसके बाद उन्होंने एक लिंक उसके व्हाट्सएप पर भेजा। इस पर अपने सभी दस्तावेज भेज कर रजिस्ट्रेशन करवा लिया। उसके नाम से आईडी बन गई। इसके बाद पांच दिसंबर को उसने कहे अनुसार 98 हजार रुपये डाल दिए। आठ दिसंबर को उसने 50 हजार रुपये स्कैनर से डाल दिए। फिर उसने 40 हजार तथा 16050 रुपये फिर से डाल दिए। फिर दोनों लड़कियों ने उससे एक लड़की नंदिता से बात करवाई। जिसने ऑनलाइन ट्रेडिंग में काफी मुनाफा बताया और 45 हजार रुपये और जमा करवाने के लिए कहा। तब तक वह तीन लाख रुपये लगा चुका था। उन्होंने कहा कि 45 हजार रुपये लगाने पर उसे 18 लाख रुपये का मुनाफा होगा। उस पर बार-बार रुपये जमा करवाने के दबाव डालने लगी। उसके बाद उसे ठगी का अहसास हुआ। जांच अधिकारी जगदीप ने बताया कि इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी करने राशि हड़पने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 04, 2026, 17:40 IST
Jind News: ऑनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर तीन लाख ठगे #ThreeLakhsSwindledByLuringWithPromisesOfProfitInOnlineTrading. #SubahSamachar
