Una News: श्रावण अष्टमी मेले को तीन दिन बाकी, अभी तक दुरुस्त नहीं हुईं सड़कें
भरवाईं (ऊना)। श्रावण अष्टमी मेला शुरू होने में अब महज तीन दिन बाकी हैं लेकिन चिंतपूर्णी में श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए महत्वपूर्ण सड़कों की हालत अभी भी खस्ता बनी हुई है। मंदिर को जाने वाले मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे पड़े हुए हैं। वहीं भरवाईं चौक और पुराने बस स्टैंड के आसपास भी सड़क की स्थिति खराब है। श्रावण अष्टमी मेले के दौरान लाखों की संख्या में श्रद्धालु मां चिंतपूर्णी के दरबार में पहुंचते हैं। ऐसे में टूटी-फूटी और गड्ढों से भरी सड़कें श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का कारण बन सकती हैं। कई श्रद्धालु दंडवत होकर भी मां के दरबार तक पहुंचते हैं, ऐसे में सड़क की खराब स्थिति दंडवत करने वाले श्रद्धालुओं के लिए और अधिक परेशानी पैदा कर सकती है। मेले को लेकर प्रशासन की तैयारियां जोरों पर हैं लेकिन सड़कों की मरम्मत का काम अभी तक पूरी तरह शुरू नहीं हो पाया है। कई स्थानों पर पैचवर्क की जरूरत है ताकि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दिक्कत न हो। उधर, पीडब्ल्यूडी भरवाईं के एसडीओ सुरेश कुमार ने बताया कि कुछ स्थानों पर कंक्रीट डालकर पैचवर्क किया गया था लेकिन वह पूरी तरह से ठीक नहीं बैठ पाया। उन्होंने कहा कि जहां भी गड्ढे पड़े हैं, वहां मौसम ठीक होने पर दोबारा पैचवर्क कर सड़क को दुरुस्त किया जाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 09, 2026, 23:12 IST
Una News: श्रावण अष्टमी मेले को तीन दिन बाकी, अभी तक दुरुस्त नहीं हुईं सड़कें #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
