Chamba News: सिहुंता में दो मामलों में चिट्टा और चरस के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार
चंबा। सिहुंता क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सिहुंता पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चिट्टा और चरस बरामद की है। बुधवार शाम करीब 6:20 बजे पुलिस टीम गश्त पर थी। इस दौरान पातका क्षेत्र में स्कूटी को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर स्कूटी सवार दो युवकों के कब्जे से 3.05 ग्राम चिट्टा और 3.1 ग्राम चरस बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास कुमार (25) निवासी गांव कामला, डाकघर गरनोटा और राकेश कुमार (29) निवासी गांव डेंठा, डाकघर समोट, तहसील सिहुंता, जिला चंबा के रूप में हुई है। पुलिस ने इस संबंध में एफआईआर दर्ज कर ली है। दूसरे मामले में शाम करीब 7:50 बजे पुलिस ने मोरठू लिंक रोड पर एक व्यक्ति को संदेह के आधार पर रोका। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1.23 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान अभिषेक कुमार (33) निवासी सिहुंता, जिला चंबा के रूप में हुई है। उधर, एसपी चंबा विजय सकलानी ने बताया कि क्षेत्र में नशे के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी है और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई सख्ती से जारी रहेगी। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि नशा तस्करी से संबंधित किसी भी सूचना को तुरंत साझा करें, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 19, 2026, 22:38 IST
Chamba News: सिहुंता में दो मामलों में चिट्टा और चरस के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार #ChambaNewsHpNews #SubahSamachar
