Gujarat: सत्र शुरू होने से पहले मिली विधानसभा उड़ाने की धमकी, विधायकों में अफरा-तफरी; जानें जांच का ताजा अपडेट

गुजरात में विधनसभा परिसर में आज सुबह बम होने की धमकी मिली। बजट सत्र के दौरान धमकी मिलने के बाद अफरातफरी मच गई। अधिकारियों ने जानकारी दी कि यह धमकी ईमल के जरिए दी गई। इसमें दावा किया गया कि विधानसभा परिसर में बम है। आज विधानसभा में बजट सत्र की कार्यवाही सुबह 9 बजे शुरू होनी थी लेकिन उससे पहले करीब 8:45 बजे अधिकारियों को धमकी भरे ईमेल की जानकारी मिली। जैसे ही यह सूचना सामने आई, सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और पूरे परिसर को खाली कराने का निर्णय लिया गया। पुलिस उपाधीक्षक पीयूष वांडा ने बताया कि ईमेल में साफ तौर पर बम होने का दावा किया गया था, जिसके बाद सुरक्षा को देखते हुए सभी विधायकों, कर्मचारियों और अन्य मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। एजेंसियों ने परिसर की बारीकी से जांच की। बम निरोधक दस्ते के साथ डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली गई। शुरुआती जांच में अब तक कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है। अधिकारियों ने बताया कि यह जांच अभी जारी है और ईमेल भेजने वाले की तलाश की जा रही है। साइबर क्राइम टीम भी आरोपी का पता लगाने की कोशिश कर रही है। फिलहाल विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए तैयार है। भाजपा विधायक कसवाला महेश ने आईएएनएस से बताया आज सुबह हुई घटना के संबंध में, गुजरात विधानसभा को एक ईमेल मिला जिसमें धमकी भरा संदेश था। एहतियाती कदम के तौर पर, सभी विधायकों को वहां से हटाकर पास के ही एक हॉल में बिठा दिया गया। भाजपा विधायक दिनेश सिंह कुशवाह ने बताया धमकी झूठी निकली और कोई वास्तविक खतरा नहीं पाया गया। व्यवस्थाएं फिर से शुरू की गईं, और विधानसभा परिसर में लौटने से पहले सभी को द्वारका हॉल में बिठाया गया।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 18, 2026, 10:01 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Gujarat: सत्र शुरू होने से पहले मिली विधानसभा उड़ाने की धमकी, विधायकों में अफरा-तफरी; जानें जांच का ताजा अपडेट #IndiaNews #National #GujaratVidhanSabha #GujaratVidhanSabhaBomb #SubahSamachar