Uttarkashi News: उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया सम्मान
चारधाम यात्रा में मीडिया की भूमिका पर हुआ मंथनबड़कोट। जिला पत्रकार संघ की ओर से आयोजित दो दिवसीय अधिवेशन एवं सम्मान समारोह में चारधाम यात्रा में मीडिया की भूमिका विषय पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में पत्रकारों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने किया। पारंपरिक व्यंजनों को नई पहचान दिलाने वाली जमुना रावत को गढ़ भोज गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। चारधाम यात्रा के सफल संचालन एवं बेहतर व्यवस्थाओं के लिए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य और पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय को उत्कृष्ट सुशासन गौरव सम्मान प्रदान किया गया। वहीं, जिला सूचना अधिकारी कर्मवीर शर्मा को उत्कृष्ट सेवा गौरव से नवाजा गया। इसके साथ ही वरिष्ठ पत्रकार सूरत सिंह रावत, सुरेंद्र भट्ट, रमा भट्ट, डॉ. रामचंद्र उनियाल, दिनेश रावत, राधेकृष्ण उनियाल को देवऋषि नारद गौरव सेवा सम्मान प्रदान कर उनके योगदान का सम्मान किया गया। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण ने कहा कि पत्रकार समाज को सही दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा ने तथ्यपरक एवं संतुलित पत्रकारिता पर जोर देते हुए समाचार प्रकाशन से पूर्व सभी पक्षों को महत्व देने की बात कही। इस मौके पर जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष सुनील थपलियाल, महामंत्री सुरेंद्र नौटियाल, वरिष्ठ पत्रकार राजेश बहुगुणा, शिवराज आदि मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 25, 2026, 19:02 IST
Uttarkashi News: उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया सम्मान #ThoseWhoPerformedOutstandingWorkWereHonored. #SubahSamachar
