Kangra News: दुकान का ताला तोड़कर 50 हजार रुपये के नोटों के हार और नकदी उड़ाई

योल (कांगड़ा)। स्थानीय बाजार में सोमवार देर रात चोरों ने बारिश के बीच एक गिफ्ट हाउस को अपना निशाना बनाया। चोर दुकान का ताला तोड़कर अंदर रखे 50 हजार रुपये मूल्य के नोटों के हार और नकदी चुरा ले गए। मंगलवार सुबह मालिक कुलदीप सिंह को दुकान खोलने पहुंचे तो वारदात का पता चला। चोरी की इस वारदात से स्थानीय व्यापारियों में दहशत और रोष का माहौल है।दुकान मालिक के अनुसार चोरी की यह घटना सोमवार रात करीब दो बजे के आसपास हुई है। सुबह ताले टूटे देखकर जब वे अंदर गए तो सारा सामान बिखरा पड़ा था और नकदी गायब थी। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की। इस दौरान फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया है। पुलिस ने बाजार और आसपास के क्षेत्रों के अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में ले ली है। व्यापार मंडल अध्यक्ष सन्नी भाटिया ने कहा कि क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं से व्यापारी वर्ग बेहद चिंतित है, इसलिए बाजार में रात्रि गश्त बढ़ाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा जुलाई 2025 में भी योल बाजार की एक दुकान में ताला तोड़कर चोरी हुई थी, जिसका सुराग आज तक नहीं लग पाया है। उधर, एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने कहा कि योल पुलिस चौकी की टीम मामले की गहनता से जांच कर रही है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान के प्रयास जारी हैं।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 21, 2026, 18:05 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Kangra News: दुकान का ताला तोड़कर 50 हजार रुपये के नोटों के हार और नकदी उड़ाई #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews # #SubahSamachar