UP Crime: पहन रखा था कच्छा, चेहरे पर लगाया था मास्क; मलाई खाई फिर की चार लाख की चोरी
वाराणसी कमिश्नरेट के चोलापुर थाना क्षेत्र के बेनीपुर कला और कटारी गांव में बुधवार देर रात एक घर में चोरी और तीन घरों में चोरी का प्रयास किया गया। एक घर में फ्रिज से मलाई खाई और दूसरे घर में सुरक्षा के लिए रखी टॉर्च तक ले गए चोर। सीसीटीवी कैमरों में चोर कच्छा पहने नजर आए और उनकी संख्या छह से सात की रही। मौके पर पहुंची पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्कॉयड ने जांच की। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के क्षेत्र में जांच की। मारकंडेय यादव मुंबई में व्यवसाय करते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी प्यारी देवी घर के बाहर चारपाई पर सो रही थीं, जबकि बहू विशाखा कमरे में थीं। देर रात चोर पीछे की दीवार फांदकर घर में घुसे और छह कमरों के ताले खोलकर अलमारी व बक्सों को खंगाल दिया। बदमाश दो सोने की चेन, एक मंगलसूत्र, चांदी की पायल समेत अन्य जेवरात और 25 हजार रुपये लेकर चले गए। चोरी सामान की कीमत चार लाख रुपये है। चोरी की जानकारी सुबह चार बजे हुई। बदमाशों ने पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर मास्क लगा रखा था और शरीर पर देसी घी लगा रखा था। इसी गांव में सुभाष यादव के घर भी चोर घुसे, लेकिन उन्हें कोई कीमती सामान नहीं मिला। जाते-जाते बदमाश रसोई में पहुंचे, फ्रिज खोला और उसमें रखी मलाई खाकर दीवार फांदकर चले गए। तीसरी वारदात गोरख यादव के घर हुई। उनकी पत्नी जड़ावती देवी ने बताया कि चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और बरामदे में रखी दो टॉर्च व चाबी का गुच्छा उठा लिया। जैसे ही कमरे का दरवाजा खोलने का प्रयास किया, आवाज से नींद खुल गई। उन्होंने शोर मचाया तो बदमाश छत से कूदकर भाग निकले। कटारी गांव में राकेश मिश्रा के घर बदमाशों ने सीसीटीवी कैमरा तोड़कर उखाड़ दिया और फिर घर में घुसने का प्रयास किया। राकेश मिश्रा की मां रामा मिश्रा ने बताया कि आवाज सुनकर बाहर देखा तो छह लोग दिखाई दिए। शोर मचाने पर सभी भाग निकले। थाना प्रभारी सधुवन राम ने बताया कि एक घर में चोरी और तीन घरों में चोरी के प्रयास की पुष्टि हुई है। फिलहाल कच्छा-बनियान गिरोह के सक्रिय होने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 17, 2026, 01:05 IST
UP Crime: पहन रखा था कच्छा, चेहरे पर लगाया था मास्क; मलाई खाई फिर की चार लाख की चोरी #CityStates #Varanasi #VaranasiNews #VaranasiCrime #CrimeNewsInHindi #SubahSamachar
