Una News: भवन का नक्शा पास करने से पहले होगा निरीक्षण, अवैध निर्माण पर नगर निगम कसेगा शिकंजा

ऊना। शहर में अव्यवस्थित निर्माण पर लगाम लगाने और सुनियोजित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर निगम ने नक्शा पास करने की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव करने का निर्णय लिया है। अब किसी भी भवन का नक्शा पास करने से पहले नगर निगम की टीम मौके पर जाकर स्थल का निरीक्षण करेगी। जांच रिपोर्ट संतोषजनक पाए जाने पर ही भवन के नक्शे को स्वीकृति दी जाएगी। नगर निगम को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि कागजों में पास किए गए नक्शों के अनुरूप मौके पर निर्माण नहीं हो रहा है। कई मामलों में सड़क, नालियों, सार्वजनिक स्थानों और निर्धारित सीमा का उल्लंघन सामने आ रहा था, जिससे शहर की व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही थीं। इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने यह सख्त कदम उठाया है। नगर निगम ऊना के अधिकारियों का कहना है कि मौके पर जांच की व्यवस्था लागू होने से यह स्पष्ट हो सकेगा कि प्रस्तावित निर्माण स्थल नियमों के अनुरूप है या नहीं। इसमें सड़क की चौड़ाई, नालियों की स्थिति, पार्किंग व्यवस्था, सेटबैक और भूमि उपयोग जैसे बिंदुओं की गहनता से जांच की जाएगी। इससे भविष्य में होने वाले विवादों और अवैध निर्माण पर भी अंकुश लगेगा। नगर निगम प्रबंधन के अनुसार इस नई प्रक्रिया को लागू करने के लिए संबंधित विभाग से मंजूरी मांगी गई है। मंजूरी मिलते ही निरीक्षण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए विशेष निरीक्षण टीमों का गठन किया जाएगा, जो तय समय सीमा के भीतर स्थल निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार करेंगी। रिपोर्ट के आधार पर ही नक्शा पास या अस्वीकृत करने का निर्णय लिया जाएगा।नगर निगम के इस फैसले को शहर के हित में अहम माना जा रहा है। जानकारों का कहना है कि इससे न केवल अवैध निर्माण रुकेगा बल्कि शहर की आधारभूत सुविधाएं भी सुरक्षित रहेंगी। साथ ही, योजनाबद्ध विकास को गति मिलेगी और भविष्य में नगर निगम को व्यवस्थाएं बनाए रखने में आसानी होगी।नगर निगम आयुक्त एवं एडीसी ऊना महेंद्र पॉल गुर्जर का कहना है कि शहर में नियमों के तहत की भवनों का निर्माण मान्य होगा। टीम की रिपोर्ट आने के बाद ही आगामी कार्यवाही इस दिशा में अमल में लाई जाएगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 05, 2026, 23:54 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: भवन का नक्शा पास करने से पहले होगा निरीक्षण, अवैध निर्माण पर नगर निगम कसेगा शिकंजा #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar