स्कूलों में पीरियड्स को लेकर झिझक नहीं, भरोसे का माहौल बने : सीएम रेखा गुप्ता

मुख्यमंत्री ने प्रधानाचार्यों के साथ की वर्चुअल बैठकसाफ टॉयलेट, मेडिकल रूम और पैड वेंडिंग मशीन दुरुस्त रखने के दिए निर्देशछात्राओं के लिए पीसीओएस, एनीमिया, सर्वाइकल कैंसर और एचपीवी वैक्सीन को लेकर जागरूकता अभियान चलेगाअमर उजाला ब्यूरोनई दिल्ली। मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को सरकारी स्कूलों के प्रधानाचार्यों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर छात्राओं के लिए स्कूलों में सुरक्षित और संवेदनशील माहौल बनाने के निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि पीरियड्स को लेकर स्कूलों में डर या झिझक नहीं, बल्कि भरोसे और खुलापन होना चाहिए। उन्होंने स्कूलों में साफ टॉयलेट, मेडिकल रूम और सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीनों की व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये हुई बैठक में कहा कि मासिक धर्म एक सामान्य जैविक प्रक्रिया है। छात्राओं को इसे लेकर असहज महसूस नहीं होना चाहिए। उन्होंने प्रधानाचार्यों से कहा कि शिक्षक और स्कूल प्रशासन सिर्फ प्रशासक की भूमिका में नहीं, बल्कि अभिभावक की तरह भी काम करें। मुख्यमंत्री ने स्कूलों के टॉयलेट ब्लॉकों की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कई स्कूलों में शौचालयों की खराब हालत की शिकायतें मिली हैं। सभी स्कूलों में साफ-सुथरे टॉयलेट, ठीक दरवाजे और समय पर मरम्मत सुनिश्चित की जाए। जरूरत पड़ने पर स्कूल फंड का इस्तेमाल करने के निर्देश भी दिए गए।किशोरियों के स्वास्थ्य पर हुई चर्चा : मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्राओं को पीसीओएस, एनीमिया, सर्वाइकल कैंसर, मेनोपॉज और एचपीवी वैक्सीनेशन के बारे में जागरूक किया जाएगा। आरोग्य मंदिरों में नियमित हेल्थ सेशन आयोजित होंगे, जहां डॉक्टर और प्रशिक्षित स्टाफ छात्राओं और महिलाओं से सीधा संवाद करेंगे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 28, 2026, 19:50 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




स्कूलों में पीरियड्स को लेकर झिझक नहीं, भरोसे का माहौल बने : सीएम रेखा गुप्ता #ThereShouldBeNoHesitationAboutPeriodsInSchools #AnAtmosphereOfTrustShouldBeCreated:CMRekhaGupta #SubahSamachar