Una News: फिर सड़ गई रायपुर सहोड़ा योजना की सबमर्सिबल मोटर
मैहतपुर (ऊना )। ग्राम पंचायत रायपुर सहोड़ा पेयजल योजना की सबमर्सिबल मोटर एक बार फिर सड़ गई, इसके चलते शुक्रवार शाम तक पेयजल आपूर्ति पूरी तरह से ठप रही। हालांकि स्थानीय ग्राम पंचायत ने वाटर टैंकरों की मदद से लोगों के घरों तक पेयजल आपूर्ति को सुनिश्चित करवाया। अभी कुछ महीने पहले भी यह मोटर सड़ गई थी। तब भी दो दिन तक पेयजल उपलब्ध नहीं हो पाया था। कुछ लोगों को मैहतपुर से पानी अपने घरों तक ढोते हुए देखा गया। सूत्रों के अनुसार वीरवार को निर्जला एकादशी के दिन दोपहर के वक्त अचानक से सबमर्सिबल मोटर के खराब होने की सूचना मिली जिसके चलते पेयजल आपूर्ति खत्म हो गई। हैरत की बात यह है कि इतना बड़ा वाटर टैंक बनाए जाने के बावजूद उसमें जल भंडारण नहीं किया गया था। लोगों का कहना है कि जल शक्ति विभाग को विकल्प के तौर पर एक और मोटर रखनी चाहिए ताकि ऐसी स्थिति पैदा होने पर तुरंत इसकी मदद ली जा सके। स्थानीय नागरिक शंभू नाथ शर्मा, कुलदीप सिंह भट्टी, जिप के पूर्व सदस्य पंकज सहोड़, बीडीसी के पूर्व सदस्य राजकुमार धीमान सहित अन्य लोगों ने कहा कि जल शक्ति विभाग ने जब जल भंडारण के लिए टैंक का निर्माण कर रखा है तो इसमें जल भंडारण क्यों नहीं किया जाता। ग्राम पंचायत प्रधान पूजा सहोड़ और उपप्रधान तेजपाल ने कहा कि वाटर टैंकरों की मदद से लोगों को पेयजल सप्लाई कर राहत दी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 26, 2026, 23:02 IST
Una News: फिर सड़ गई रायपुर सहोड़ा योजना की सबमर्सिबल मोटर #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
