Ayodhya News: शादियों में बढ़ा थीम वेडिंग का क्रेज
अयोध्या। सहालग के चलते रामनगरी में शादियों का मौसम पूरे शबाब पर है। बदलते समय के साथ शादी केवल रस्मों तक सीमित नहीं रह गई है, यह यादगार अनुभव बनाने का जरिया बनती जा रही है। इसी वजह से रामनगरी में थीम वेडिंग का क्रेज तेजी से बढ़ा है। पारंपरिक विवाह आयोजनों की जगह अब डेस्टिनेशन और कॉन्सेप्ट बेस्ड शादियों की मांग बढ़ती जा रही है।शहर के मैरिज लॉन, होटल और रिसॉर्ट्स को अलग-अलग थीम पर सजाया जा रहा है। कहीं राजस्थानी वेडिंग थीम नजर आ रही है तो कहीं बीच, फेयरी टेल, रॉयल और फ्लावर बेस्ड थीम शादियों का आयोजन हो रहा है। जयमाल की रस्म ट्रॉली पर, दूल्हा-दुल्हन के बड़े पोस्टर, म्यूजिक पार्टी, स्पेशल लाइटिंग और फूलों की सजावट आकर्षण का केंद्र बन रही है।मैरिज लॉन संचालकों का कहना है कि परिवार शादी का पूरा कार्यक्रम दूल्हा-दुल्हन की पसंद और बजट के अनुसार तय कर रहे हैं। लॉन और मंडप को थीम के मुताबिक लाइटिंग, फ्लोरल डेकोरेशन से खास लुक दिया जा रहा है। फ्रेंडली वेडिंग और इको-फ्रेंडली थीम भी युवाओं के बीच पसंद की जा रही हैं।इससे शादियां परंपरा और आधुनिकता का खूबसूरत संगम बनती जा रही हैं, जहां हर रस्म को खास और यादगार बनाने की कोशिश की जा रही है। देवकाली स्थित एक मैरिज लॉन के मैनेजर आर्यन ने कहा कि मेहंदी, संगीत और हल्दी जैसी रस्मों में भी थीम का चलन बढ़ा है। पहले घरों में सादगी से होने वाली मेहंदी अब होटल और लॉन में थीम आधारित सजावट और ड्रेस कोड के साथ आयोजित की जा रही है।ब्यूटी पार्लर और डिजाइनर ड्रेस की मांग भी इसी कारण बढ़ी है। कहा कि हमारे यहां फरवरी में अभी आठ शादियों की बुकिंग हुई है। शादी के दौरान वर-वधू के जयमाल स्टेज तक जाने वाले गलियारों को विशेषतौर पर फ्लावर से सजाने की मांग की जा रही है। व्यवसायियों का कहना है कि थीम वेडिंग के चलते डेकोरेटर, कैटरिंग, डीजे, फोटोग्राफी और वीडियो ग्राफी से जुड़े कारोबार में भी अच्छा उछाल आया है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 09, 2026, 21:43 IST
Ayodhya News: शादियों में बढ़ा थीम वेडिंग का क्रेज #ThemeWeddingsAreBecomingIncreasinglyPopularAtWeddings #SubahSamachar
