सूने घर को बनाया निशाना: ताले तोड़कर लाखों के जेवर और नकदी ले गए चोर, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
आगरा के थाना सदर बाजार क्षेत्र स्थित इन्फेन्ट्री चौकी इलाके में चोरों ने सूने घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। पड़ोसियों की सूचना पर परिवार को जानकारी हुई। शिकायत पर पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर चोरों की तलाश कर रही है। घटना विज्ञान विहार फेज-1 की है। यहां ऋषि कुमार श्रीवास्तव अपने परिवार के साथ रहते हैं। पीड़ित ने बताया कि 12 जून को वह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ अपने माता-पिता को छोड़ने के लिए भिंड (मध्य प्रदेश) गए थे। शनिवार रात अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सोने की 6 चूड़ियां, 2 हार, 3 चेन, 2 मंगलसूत्र, 8 अंगूठियां, पेंडल, बेंदा, कुंडल, नाक की लोंग सहित चांदी की पायल, बिछिया, कमरबंद, बच्चों के आभूषण, सरस्वती मूर्ति और 18 से 20 हजार रुपये चोरी कर लिए। रविवार 14 जून को पड़ोसियों ने फोन कर ताले टूटे होने की सूचना दी। घर लौटने पर देखा कि अलमारी में रखा कीमती सामान गायब था। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी जा रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 17, 2026, 21:24 IST
सूने घर को बनाया निशाना: ताले तोड़कर लाखों के जेवर और नकदी ले गए चोर, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस #CityStates #Agra #AgraNews #UpPolice #SubahSamachar
