Haryana: प्रोफेसर दंपती को कमरे में बद कर चोरी, चार लाख रुपये कैश और गहने उड़ा ले गए चोर

भिवानी शहर के पॉश इलाके सेक्टर-13 में एक प्रोफेसर दंपती के मकान में चोरी का मामला सामने आया है। चोरों ने परिवार के सदस्यों को बेडरूम में बंद कर पूरे घर को खंगाल डाला। चोर घर के अंदर से करीब चार लाख रुपये की नकदी और सोने-चांदी के आभूषणों को चोरी कर ले गए। वारदात की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पुलिस के साथ फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम भी पहुंची, जिसने चोरों का सुराग लगाने के लिए तथ्य जुटाए। वहीं, आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। शहर में पिछले कुछ दिनों से कच्छा चोर गिरोह सक्रिय है। पिछले सप्ताह भी कच्छा चोर गिरोह ने एक मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। सेक्टर-13 निवासी ललिता गुप्ता व उनके पति संजीव गुप्ता ने बताया कि वे दोनों ही चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय में बतौर प्राध्यापक कार्यरत हैं। सुबह पांच बजे जब वे उठे तो बेडरूम का बाहर से दरवाजा बंद मिला। उन्हें कुछ अनहोनी का अंदेशा हुआ। पड़ोसियों ने अंदर दाखिल होकर बेडरूम से उन्हें बाहर निकाला। उनकी रसोई की खिड़की की ग्रिल तोड़कर चोर अंदर घुसे थे। चोरों ने पूरे घर में सामान खंगाला। चोर अलमारी से चार लाख रुपये और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। चोर वारदात को अंजाम देने के बाद फ्रिज से खाने का सामान भी चोरी कर ले गए। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर मामले की जांच कर रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 21, 2026, 16:10 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Haryana: प्रोफेसर दंपती को कमरे में बद कर चोरी, चार लाख रुपये कैश और गहने उड़ा ले गए चोर #CityStates #Haryana #Bhiwani #SubahSamachar