Sant Kabir Nagar News: गोशाला का गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष ने किया उद्घाटन
मेंहदावल। नगर पंचायत अंतर्गत अछियां में उप्र गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला ने नवनिर्मित गोशाला का शुभारंभ किया। इसमें बेसहारा पशुओं को सुरक्षित छत के साथ भोजन उपलब्ध कराने की योजना है।उन्होंने कहा कि प्रदेश में योगी सरकार गोशालाओं के नवनिर्माण और आधुनिकीकरण के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था, गोवंश संरक्षण का कायाकल्प कर रही है। प्रदेश में 7500 से अधिक गोशालाओं को ''कैटल फूड सिक्योरिटी हब'' व ''काऊ टूरिज्म सेंटर'' के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसमें ''मिशन फॉडर'' के तहत 50 से 100 किसानों को जोड़कर चारे का उत्पादन, प्राकृतिक खेती, गोबर पेंट व सीएनजी, सीबीजी उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गोशालाएं निराश्रित गायों को आश्रय देने, उन्हें चिकित्सा सुविधा प्रदान करने और सामुदायिक भागीदारी से संचालित करने की पहल हैं। उन्होंने बताया कि गोशालाओं में गोवंश के लिए पशु शेड, चारा व पशु चिकित्सा क्लिनिक जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगीं। यह स्थानीय नागरिकों और उद्यमियों के सहयोग से बनाई जा रही हैं। इसे एक सामुदायिक जिम्मेदारी मानना चाहिए। प्रदेश सरकार गांव गांव गोशालाओं के माध्यम से निराश्रित पशुओं के प्रबंधन पर जोर दे रही है। इस अवसर पर भाजयुमो जिलाध्यक्ष सर्वेश त्रिपाठी, अजीत सिंह, राकेश पांडेय, मनोज पांडेय, संजय सिंह, जितेंद्र तिवारी, सभासद संदीप तिवारी, सभासद देवव्रत निषाद, अमरेन्द्र शर्मा, शिवम त्रिपाठी, निखिल त्रिपाठी, अरुण गौड़, धर्मेंद्र जायसवाल, करुणाकांत मिश्रा मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 05, 2026, 23:04 IST
Sant Kabir Nagar News: गोशाला का गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष ने किया उद्घाटन #SANTKABIRNAGARNEWS #SubahSamachar
