Kullu News: हॉट एयर बैलून से बर्फीली वादियों का दीदार भर रहा रोमांच

मनाली। हॉट एयर बैलून से बर्फ से लदी वादियों का दीदार पर्यटकों में रोमांच भर रहा है। कुल्लू से सोलंगनाला तक जगह-जगह बनी हॉट एयर बैलून साइट्स में पर्यटकों की खूब भीड़ उमड़ रही है। वहीं 1,500 फीट की ऊंचाई से पैराग्लाडिंग करना पर्यटकों में जोश भर रहा है। कटराईं-डोभी क्षेत्र में पर्यटक रोमांच की ऊंची उड़ान भर रहे हैं। पहाड़ की शांत और ठंडी वादियों में ऊंची उड़ान सैलानियों को रोमांचित कर रही है।हॉट एयर बैलून से सैलानी बर्फ से ढकी सुंदर वादियों में जन्नत जैसे नजारे का अनुभव कर रहे हैं। पैराग्लाडिंग की उड़ान भरने के बाद बर्फीली चोटियों और घने जंगलों का खूबसूरत नजारा पर्यटकों के दौरे को और भी यादगार बना रहा है।डोभी, कटराईं, 16 मील, आलू ग्राउंड और बाहंग हॉट एयर बैलून के लिए विख्यात हो रहे हैं। पर्वतीय घाटियों और हरे-भरे मैदानों के बीच से गुजरते पैराग्लाइर पर्यटकों को न केवल रोमांचित कर रहे हैं बल्कि उन्हें आकाश में उड़ने का अनूठा अनुभव भी प्रदान कर रहे हैं। यहां से बर्फीली चोटियों और घने जंगलों का दृश्य उन्हें खूब भा रहा है। इसके अलावा रंग-बिरंगे बैलून धीरे-धीरे हवा में उड़ते हैं। आकाश में एक अनूठा दृश्य उत्पन्न करते हैं। यह अनुभव पर्यटकों को शांति के साथ रोमांच का भी एहसास करवा रहा है। उधर, जिला पर्यटन अधिकारी रोहित शर्मा ने कहा कि आने वाले वर्षों में यहां और अधिक सुविधाएं और पर्यटन गतिविधियां जोड़ी जाएंगी, जिससे यह क्षेत्र देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए एक आदर्श गंतव्य बन सके।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 13, 2026, 00:12 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Kullu News: हॉट एयर बैलून से बर्फीली वादियों का दीदार भर रहा रोमांच #KulluNews #KulluTodayNews #KulluUpdate #News #Breaking #SubahSamachar