Una News: चिंतपूर्णी बाजार से हटेगा तारों का जंजाल, बिजली की लाइनें होंगी भूमिगत
भरवाईं (ऊना)। विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री माता चिंतपूर्णी मंदिर के विकास और सौंदर्यीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। मंदिर क्षेत्र को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से विद्युत बोर्ड ने मुख्य बाजार में बिजली की लाइनों को भूमिगत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हाल ही में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री द्वारा मंदिर क्षेत्र के विकास को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए गए थे, जिसके बाद इस योजना पर काम तेज कर दिया है।डिवीजन अंब विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता पुनीत चौधरी ने मंगलवार को कनिष्ठ अभियंता मनमोहन सिंह और तकनीकी कर्मचारियों की टीम के साथ बाबा श्री माईदास सदन से लेकर चिंतपूर्णी मुख्य बाजार तक सर्वेक्षण किया। इस दौरान टीम ने पूरे मार्ग का निरीक्षण कर यह आकलन किया कि बिजली की हाई वोल्टेज लाइनों को किस प्रकार भूमिगत किया जा सकता है। योजना के तहत बाजार में फैली हाई वोल्टेज तारों और बिजली के जाल को हटाकर डक्टिंग सिस्टम के माध्यम से बिजली की लाइनें जमीन के नीचे बिछाई जाएंगी। वर्तमान में मुख्य बाजार में लटकते बिजली के तार न केवल क्षेत्र की सुंदरता को प्रभावित कर रहे हैं बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी खतरा बने हैं। बिजली की लाइनों को अंडरग्राउंड करने से मंदिर मार्ग अधिक सुंदर, व्यवस्थित और सुरक्षित बनेगा, जिससे श्रद्धालुओं को भी बेहतर सुविधा मिलेगी। वहीं मंगलवार को किए गए इस सर्वे की रिपोर्ट वीरवार को एसडीएम की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में प्रस्तुत की जाएगी। बैठक में इस बात पर विस्तार से चर्चा होगी कि मंदिर रोड पर बिजली की लाइनों को पूरी तरह भूमिगत करना कितना संभव है और इसे किस चरण में लागू किया जा सकेगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 03, 2026, 23:45 IST
Una News: चिंतपूर्णी बाजार से हटेगा तारों का जंजाल, बिजली की लाइनें होंगी भूमिगत #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
