Fatehabad News: ई-दिशा केंद्र में फर्द निकालने वाला सर्वर 18 दिन से ठप, लोग परेशान

फतेहाबाद। जिला मुख्यालय स्थित ई-दिशा केंद्र का सर्वर पिछले 18 दिनों से लगातार ठप है जिससे फर्द, जमाबंदी और जमीन की नकल निकालने वाले लोग गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे हैं। तकनीकी खराबी के कारण सुबह से शाम तक लोग लंबी कतारों में खड़े रहते हैं लेकिन बिना काम हुए लौटने को मजबूर हैं।सर्वर न चलने से जमीन से जुड़े कई जरूरी काम प्रभावित हो गए हैं। रजिस्ट्री, बैंक लोन, फसल ऋण, जमीन गिरवी रखने और लोन उतरवाने जैसी प्रक्रियाएं अटक गई हैं। सबसे ज्यादा परेशानी किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को झेलनी पड़ रही है। मंगलवार को सर्वर रुक-रुक कर काम कर रहा था। सर्वर पर जो काम सामान्य रूप से दो मिनट में पूरा होना चाहिए, वह 15 मिनट में हो रहा था। इसके कारण किसानों और आम नागरिकों को अपनी बारी का लंबा इंतजार करना पड़ रहा था। दोपहर तीन बजे तक भी फर्द निकलवाने के लिए लोग लंबी कतार में खड़े थे और अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे।----रजिस्ट्री सहित कई कामों में जरूरी होती है फर्दजमीन की फर्द और जमाबंदी रजिस्ट्री, बैंकिंग कार्यों, कानूनी प्रक्रिया और सरकारी योजनाओं के लिए जरूरी दस्तावेज माने जाते हैं। सर्वर बंद होने के कारण रोजाना सैकड़ों लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। मंगलवार को फर्द निकलवाने के लिए पहुंचे किसान विकास कुमार, सतपाल, पवन कुमार, रोहताश, विरेंद्र कुमार आदि ने बताया कि जमीन से जुड़ा पुराना लोन खत्म करवाने के लिए भी फर्द निकलवाने पहुंच रहे हैं लेकिन सर्वर बंद होने के कारण उनका काम भी अटका हुआ है। ई-दिशा केंद्र में बार-बार आने में समय और पैसे दोनों बर्बाद हो रहे हैं पर काम पूरा नहीं हो रहा है।---बच्चे के इलाज के लिए लोन करवाने को तीन दिन से इंतजारगांव हिजरावां खुर्द निवासी रणजीत सिंह ने बताया कि उसे अपने बच्चे के इलाज के लिए जमीन पर लोन करवाना है लेकिन फर्द नहीं निकलने के कारण उसका काम रुका हुआ है। वह पिछले कई दिनों से ई-दिशा केंद्र के चक्कर काट रहा है। पिछले सप्ताह के बुधवार को पूरा दिन सर्वर के चलने का इंतजार किया। वीरवार को छुट्टी थी, शुक्रवार को भी सुबह 8 बजे ई-दिशा केंद्र में पहुंच गया था। उस दिन भी काम नहीं हुआ। सोमवार को भी आकर देखा कि लंबी लाइन लगी हुई और सर्वर भी नहीं चल रहा है। जिस कारण फर्द नहीं निकलने से उसके बच्चे का इलाज प्रभावित हो रहा है।---ई-दिशा केंद्र में सर्वर को लेकर जो भी समस्या है, उसका समाधान करवाया जाएगा।- डाॅ. विवेक भारती, उपायुक्त फतेहाबाद।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 02, 2026, 23:00 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Fatehabad News: ई-दिशा केंद्र में फर्द निकालने वाला सर्वर 18 दिन से ठप, लोग परेशान #TheServerForIssuingFardAtTheE-DishaCenterHasBeenDownFor18Days #CausingProblemsForThePeople #SubahSamachar