Ambala News: दीक्षा पोर्टल पर तकनीकी ज्ञान प्राप्त करने वाले शिक्षकों की परेशानी होगी दूर
अंबाला। दीक्षा 2.0 पोर्टल पर ऑनलाइन कोर्स और तकनीकी प्रशिक्षण ले रहे शिक्षकों को राहत मिलेगी। कोर्स पूरा करने के दौरान आने वाली लॉगिन, ओटीपी, सर्वर डाउन और प्रमाण पत्र डाउनलोड न होने जैसी गंभीर समस्याओं का अब पूरी तरह समाधान कर दिया गया है। विभाग ने शिक्षकों की सहूलियत के लिए एक समाधान मार्गदर्शिका जारी की है। इससे तकनीकी अड़चनों को दूर किया जा सकेगा।विभाग के संज्ञान में आया है कि कई शिक्षक प्रशिक्षण के दौरान शॉर्टकट अपना रहे हैं। वे मॉड्यूल्स और वीडियो को पूरा देखने या पढ़ने के बजाय जल्दी-जल्दी आगे बढ़ा देते हैं। दीक्षा पोर्टल के सख्त एल्गोरिदम के कारण ऐसी स्थिति में कोर्स आगे नहीं बढ़ता और शिक्षकों की प्रोग्रेस वहीं रुक जाती है। इतना ही नहीं, कई शिक्षक बिना पूरा कंटेंट समझे सीधे मुख्य मूल्यांकन हल करने का प्रयास कर रहे हैं। नतीजा यह हो रहा है कि उत्तर गलत होने के कारण उनके सीमित प्रयास समाप्त हो रहे हैं और कोर्स अटक रहा है।---शिक्षक नहीं गंभीरअब जब तक शिक्षक प्रत्येक मॉड्यूल और रिसोर्स को ध्यानपूर्वक पूरा नहीं देखेंगे, तब तक उनकी मूल्यांकन रिपोर्ट जारी नहीं होगी और न ही प्रमाण पत्र बनेगा। शिक्षा विभाग के तकनीकी सेल के अधिकारियों ने शिक्षकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें, क्योंकि आखिरी दिनों में अचानक सर्वर पर लोड बढ़ने से साइट धीमी हो जाती है। शिक्षक धैर्यपूर्वक और पूरी ईमानदारी के साथ प्रशिक्षण पूरा करें ताकि उन्हें समय पर डिजिटल सर्टिफिकेट मिल सके।--दीक्षा पोर्टल के संबंध में विभाग से जो निर्देश मिले हैं। उसकी जानकारी स्कूल मुखियाओं सहित संबंधित शिक्षकों को दे दी गई है ताकि वो पूरी निष्ठा व ईमानदारी के साथ तकनीकी ज्ञान प्राप्त कर सकें।सुधीर कालड़ा, जिला शिक्षा अधिकारी,अंबाला।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 29, 2026, 03:09 IST
Ambala News: दीक्षा पोर्टल पर तकनीकी ज्ञान प्राप्त करने वाले शिक्षकों की परेशानी होगी दूर #TheProblemsOfTeachersAcquiringTechnicalKnowledgeOnDikshaPortalWillBeSolved. #SubahSamachar
