Una News: मैड़ी होली मेले के चौथे दिन कम रही भक्तों की संख्या
अंब (ऊना)। डेरा बाबा बड़भाग सिंह मैड़ी में होली मेले के चौथे दिन शुक्रवार को श्रद्धालुओं की आवक साधारण बनी रही। मेले के दौरान विभिन्न धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालु शीश नवाकर बाबा जी का आशीर्वाद ले रहे हैं। पवित्र चरण गंगा में स्नान के लिए दिन भर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा।श्रद्धालु आस्था के साथ डेरा बाबा बड़भाग सिंह बेरी साहिब पहुंचकर ऐतिहासिक बेरी के पेड़ के दर्शन कर रहे हैं। इसके अलावा बाबा की तप स्थली गुरुद्वारा मंजी साहिब, कुज्जासर और अन्य स्थानीय डेरों में भी श्रद्धालु नतमस्तक हो रहे हैं। मेले के चौथे दिन श्रद्धालुओं की संख्या औसत से कम रहने के कारण व्यापारी वर्ग में निराशा देखी गई। दूरदराज से अपनी दुकानें लेकर आए दुकानदारों को अब उम्मीद है कि होली का मुख्य पर्व शुरू होने से पहले आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की आमद और रौनक बढ़ेगी। मेला क्षेत्र में धार्मिक स्थलों की सराय अभी पूरी तरह से भरी नहीं हैं जबकि मेले के दौरान क्षेत्र में किराये पर देने के लिए लगाए गए तंबू अभी खाली पड़े हैं। मेला क्षेत्र में संतों की तरफ से जगह-जगह लंगर लगाए गए हैं। एसडीएम अंब पारस अग्रवाल ने बताया कि मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद है। पुलिस बल हर गतिविधि पर पैनी नजर रखे हुए है। उन्होंने स्पष्ट किया कि असामाजिक तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 27, 2026, 23:49 IST
Una News: मैड़ी होली मेले के चौथे दिन कम रही भक्तों की संख्या #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
