पिता की गोद में सिसकती मासूम: पापा मैंने आपको आवाज लगाई थी, अंकल ने मेरा मुंह दबा दिया...मैं बोल नहीं पाई
पूरी रात मेरी फूल सी बच्ची कराहती रही। रह-रह यही कहती-दर्द हो रहा है। कुछ खाया भी नहीं। जानती हैं जब मैंने इसे गोद में उठाया तो यह क्या बोली-पापा मैंने आपको आवाज लगाई थी। अंकल ने मेरा मुंह दबा दिया। मैं बोल नहीं पाई। अब आप बताइए..कितनी मासूम है ये। दरिंदे को अंकल कह रही थी। यह कहते हुए दुष्कर्म पीड़िता साढ़े तीन साल की बच्ची के पिता का गला भर्रा आता है। आंखों से आंसू की धार छलक पड़ती है। कुछ पल का सन्नाटा। बिश्नाह इलाके में मासूम से दुष्कर्म की खबर ने पूरे जम्मू को झकझोर दिया है। हर जुबां पर आक्रोश है। बच्ची और परिवार का हाल जानने के लिए हम एसएमजीएस अस्पताल पहुंचे। अस्पताल के गलियारे में फिनाइल की तीखी गंध के बीच मरीजों के तीमारदारों की बातें थीं तो कुछ सिसकियां भी। हम बच्ची के पिता को तलाशते अल्ट्रासाउंड रूम तक पहुंच गए। पिता से बच्ची का हाल पूछा तो वह इस दर्द में भी हाथ जोड़कर नमस्कार करना नहीं भूले। गोद में ली गई बच्ची का चेहरा और सूखे पड़े होठ बता रहे थे कि वह कितनी पीड़ा में है। आंखें मिलते ही वह मुस्कुरा दी। नन्ही परी की इस फीकी मुस्कान से हमारी आंखें डबडबा आईं। इस मूक और आंसुओं के संवाद में सवाल मौन हो गए। बच्ची के पिता ने कहा कि मेरे दोस्त ने मुझे फोन करके बताया कि एक डाॅक्टर की क्लीनिक के बाहर बच्ची खड़ी है। उसके शरीर से खून बह रहा है। हमें लगा कि कोई हादसा हो गया। उसके पास पहुंचने के लिए बेतहाशा भागे। इस हाल में मिली मेरी बच्ची।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 16, 2026, 11:23 IST
पिता की गोद में सिसकती मासूम: पापा मैंने आपको आवाज लगाई थी, अंकल ने मेरा मुंह दबा दिया...मैं बोल नहीं पाई #CityStates #Jammu #JammuNews #JammuKashmir #JammuPolice #SubahSamachar
