Una News: विधायक ने छह सक्रिय यूथ क्लबों को दी 11-11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि
अंब(ऊना)। चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने युवाओं को खेल और सामाजिक कार्यों से जोड़ने के उद्देश्य से सोमवार को पंजोआ में कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर विधायक ने क्षेत्र के छह सक्रिय यूथ क्लबों को उनकी बेहतर गतिविधियों के लिए 11-11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि के चेक भेंट किए। सम्मानित होने वाले क्लबों में महावीर यूथ क्लब बडूही, आदर्श युवा क्लब टकारला, यूथ क्लब अंब कुठेड़ा, मां चिंतपूर्णी क्लब अंब, बजरंगबली युवा क्लब चक्क और न्यू महावीर यूथ क्लब ठठल शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान युवाओं और क्लब के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि ग्रामीण विकास में यूथ क्लबों की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि ये युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक सही मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आज के समय में युवा शक्ति को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से बचाकर रचनात्मक कार्यों की ओर मोड़ना प्रशासन और समाज की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने क्लबों को भरोसा दिलाया कि जो संगठन खेलकूद और समाज सेवा के क्षेत्र में बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे, उन्हें भविष्य में सरकार की ओर से और अधिक वित्तीय सहायता और खेल सामग्री उपलब्ध करवाई जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 23, 2026, 19:32 IST
Una News: विधायक ने छह सक्रिय यूथ क्लबों को दी 11-11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
