Haridwar News: पीएम आवास योजना के पात्र परिवारों की सूची जून में होगी जारी

- भौतिक सत्यापन के बाद ग्राम सभा की खुली बैठक में लगेगी पात्रता सूची पर मुहर - जिले से 29 हजार परिवारों ने आवेदन कर मांगे हैं प्रधानमंत्री आवास योजना से घरबसंत कुमारहरिद्वार। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवासहीन परिवारों के लिए किए गए सर्वे के बाद पात्र परिवारों की सूची जून में जारी की जाएगी। भौतिक सत्यापन पूरा होने के बाद सूची को अंतिम रूप देने के लिए ग्राम सभा की खुली बैठक में पेश किया जाएगा। ग्राम सभा से पारित होने के बाद सूची जिला कमेटी को भेजी जाएगी, जहां से पात्र परिवारों के लिए सरकारी आवास की धनराशि मंजूर की जाएगी। सरकार की ओर से योजना के तहत जिले में सर्वे कराया गया था जिसकी जिम्मेदारी विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को सौंपी गई थी। साथ ही आवासहीन परिवारों को ऑनलाइन आवेदन का भी अवसर दिया गया था। पिछले वर्ष 18 जून तक जिले में 29,719 परिवारों ने आवेदन किए थे। ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों और ग्राम विकास अधिकारियों की ओर से आवेदनों का सत्यापन किया जा चुका है। फिलहाल पोर्टल पर तकनीकी कार्य चल रहा है जिसे जून के दूसरे सप्ताह तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद पात्र और अपात्र परिवारों की सूची जारी की जाएगी। पात्र परिवारों के नाम ग्राम सभा की खुली बैठक में पढ़े जाएंगे और सूचियां ग्राम पंचायत भवनों पर भी चस्पा की जाएंगी। ग्राम सभा से स्वीकृति मिलने के बाद सूची जिला कमेटी को भेजी जाएगी जहां से भारत सरकार को आवास के लिए धन आवंटन हेतु प्रस्ताव भेजा जाएगा। ----------------------------------ग्राम सभा में नाम कटने पर कमेटी से करें आपत्ति- यदि ग्राम सभा स्तर पर किसी परिवार का नाम काट दिया जाता है तो उस पर जिला कमेटी में आपत्ति की जा सकती है। आपत्ति मिलने पर कमेटी की ओर से जांच कराई जाएगी। ग्राम सभा की ओर से गलत तथ्य पर नाम हटाए जाने पर परिवार का नाम पात्रता सूची में जोड़ दिया जाएगा लेकिन आपत्ति जताने वाले को पूर्ण प्रमाण देने होंगे। ---------------------पात्र परिवारों की सूची जल्द जारी होने वाली है जिसे ग्राम सभा को भेजा जाएगा। इससे ग्राम सभा की खुली बैठक में सूची में शामिल नामों की जानकारी ग्रामीणों को मिल सकेगी व पात्र लोगों के नामों पर अपना मत देकर मुहर लगाएंगे। ग्राम सभा से पात्र परिवारों के नाम आने पर योजना से पक्के मकान बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। डाॅ. ललित नारायण मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी, हरिद्वार

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 28, 2026, 13:52 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Haridwar News: पीएम आवास योजना के पात्र परिवारों की सूची जून में होगी जारी #TheListOfEligibleFamiliesUnderThePMAwasYojanaWillBeReleasedInJune #SubahSamachar