Una News: सीजन का सबसे गर्म दिन, पारा 38.7 डिग्री पहुंचा

ऊना। जिले में गर्मी का असर दिखना शुरू हो गया है। बुधवार को इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते लोगों को दिनभर परेशानी झेलनी पड़ी। अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान में लगातार बढ़ोतरी से अप्रैल माह में ही जून जैसी गर्मी महसूस होने लगी है। प्रचंड गर्मी के कारण दोपहर के समय में बाजार सूने पड़ने लगे हैं। बुधवार को सुबह से ही आसमान साफ रहा और कड़क धूप निकली। दोपहर होते-होते प्रचंड गर्मी ने शहर को अपने आगोश में ले लिया। इसके कारण बाजार में आवाजाही कम हो गई। बाजारों में भी दोपहर के समय सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ नजर आई। गर्मी से बचने के लिए लोग छांव और ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेते दिखे तो कहीं ठंडे पानी को सिर पर डाल कर खुद को ठंडक पहुंचाते नजर आए। गर्मी बढ़ने से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दिहाड़ी मजदूरों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दोपहर के समय खुले में काम करने वालों को तपती धूप के बीच काम करना पड़ा। चिकित्सकों ने भी लोगों को दोपहर में अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने, अधिक पानी पीने और सिर ढक कर निकलने की सलाह दी है। उधर, ग्रामीण क्षेत्रों में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दिया। किसान सुबह और शाम के समय खेतों में काम करते नजर आए जबकि दोपहर में खेतों में सन्नाटा पसरा रहा। लगातार बढ़ रही गर्मी ने लोगों को अभी से मई-जून के हालात याद दिला दिए हैं। मौसम विभाग ऊना के समन्वयक विनोद कुमार ने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। यदि यही स्थिति बनी रही तो आने वाले सप्ताह में पारा 40 डिग्री के करीब पहुंच सकता है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 22, 2026, 23:51 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: सीजन का सबसे गर्म दिन, पारा 38.7 डिग्री पहुंचा #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar