Rishikesh News: गुमानीवाला कूड़ा निस्तारण प्लांट में 21 दिन से तालाबंदी, शहर में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर

सड़कों पर कूड़ा फेंकने को मजबूर लोगऋषिकेश। गुमानीवाला स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट में करीब 21 दिन से तालाबंदी के चलते शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। घरों से नियमित कूड़ा उठान नहीं होने के कारण लोग कूड़ा सड़क किनारे फेंक रहे हैं। हरिद्वार रोड पर काले की ढाल में रंभा नदी के समीप और बाईपास मार्ग पर आईडीपीएल सिटी गेट के पास कूड़े के ढेर लग गए हैं। घरों में कूड़ा जमा होने से बदबू फैलने लगी है।स्थानीय लोगों के अनुसार, कई घरों से एक से दो दिन तक कूड़ा नहीं उठ पा रहा है। परेशान होकर कुछ लोग खुद ही कूड़ा सड़क किनारे खाली स्थानों पर डाल रहे हैं। सर्वहारा नगर निवासी लाखन सिंह ने बताया कि कुछ लोग स्कूटी पर घरों का कूड़ा लाकर सड़क किनारे लगे ढेर में डालकर चले जाते हैं।प्लांट बंद होने से गोविंद नगर स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड पर कूड़ा निस्तारण का दबाव बढ़ गया है। यहां कूड़ा वाहन खाली करने में अधिक समय लग रहा है, जिससे वाहनों को दूसरे क्षेत्रों में कूड़ा उठाने के लिए पहुंचने में देरी हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तालाबंदी के कारण शहर में गंदगी बढ़ रही है और सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। --------------------- कोट:- कूड़ा निस्तारण प्लांट बंद होने से कूड़ा उठान कार्य प्रभावित हुआ है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियो से लगातार वार्ता चल रही है जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा। विजय नाथ शुक्ल -नगर आयुक्त नगर निगम ऋषिकेश

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 24, 2026, 16:11 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Rishikesh News: गुमानीवाला कूड़ा निस्तारण प्लांट में 21 दिन से तालाबंदी, शहर में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर #TheGumaniwalaWasteDisposalPlantHasBeenOutOfServiceFor21Days #LeavingHeapsOfGarbageScatteredAcrossTheCity #SubahSamachar