Una News: माता चिंतपूर्णी मंदिर परिसर के विस्तारीकरण कार्य में आएगी तेजी

अंब(ऊना)। पंचायतीराज चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने और आदर्श चुनाव आचार संहिता के हटते ही विकास कार्यों को रफ्तार देने की कवायद शुरू हो गई है। इसी सिलसिले में मंगलवार को अंब विश्राम गृह में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक बैठक बुलाई गई, जिसकी अध्यक्षता स्थानीय विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने की। इस बैठक में एसडीएम अंब पारस अग्रवाल समेत लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, स्वास्थ्य विभाग और क्षेत्र के अन्य सभी प्रशासनिक विभागों के आला अधिकारी मौजूद रहे। विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने कहा कि पिछले करीब डेढ़ महीने से चुनाव आचार संहिता लागू होने के कारण विकास कार्यों की औपचारिक समीक्षा नहीं हो पा रही थी। आचार संहिता समाप्त होते ही सभी विभागों के साथ बैठक करके रुके हुए और नए प्रोजेक्ट्स की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की गई है।चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और बजट का ब्योरा देते हुए विधायक ने बताया कि सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल माता चिंतपूर्णी मंदिर परिसर के विस्तारीकरण के लिए सरकार की ओर से 206 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है। अब काम में और तेजी आएगी। इसके अलावा अंब कस्बे को आधुनिक सीवरेज प्रणाली से जोड़ने के लिए 4 करोड़ रुपये का बजट मिला है, जिसके टेंडर जल्द जारी कर काम शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। माता का बाग किन्नू के लिए 4.5 करोड़ रुपये और उपतहसील जोल के तहत बैरियां पुल व पीएमजीएसवाई के तहत होने वाले कार्यों के लिए करीब 5 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं। साथ ही अंब में मिनी सचिवालय के निर्माण के लिए भी बजट का प्रावधान हो चुका है। विधायक ने जल शक्ति, लोक निर्माण और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को हिदायत दी कि वे टेंडर संबंधी औपचारिकताओं को तुरंत पूरा कर जमीनी स्तर पर काम शुरू करें।कमियों को लेकर जल्द ही संगठन के साथ करेंगे आत्ममंथनविधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने हाल ही में संपन्न हुए पंचायत चुनाव के नतीजों पर खुशी जाहिर करते हुए दावा किया कि परिणाम पूरी तरह उनके पक्ष में रहे हैं। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि जिला परिषद चुनाव में ठठल वार्ड को छोड़कर बाकी दो वार्डों के नतीजे उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे हैं। विधायक ने कहा कि इन कमियों को लेकर वे जल्द ही संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ आत्ममंथन करेंगे लेकिन कुल मिलाकर ग्रामीण निकाय चुनावों में पार्टी का प्रदर्शन बेहद मजबूत और उत्साहजनक रहा है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 02, 2026, 23:53 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: माता चिंतपूर्णी मंदिर परिसर के विस्तारीकरण कार्य में आएगी तेजी #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar