Hardoi News: आउटसोर्सिंग कर्मियों को हटाने और लगाने की ईओ नहीं कर पाए स्थिति स्पष्ट, कार्रवाई तय
हरदोई। नगरीय निकायों में अधिशासी अधिकारियों की कार्यप्रणाली से प्रशासनिक हल्कों में भी चिंता है। नगर पालिका शाहाबाद के अधिकारी की तरफ से आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को हटाने और फिर उसमें से कुछ को वापस लिए जाने का मामला तूल पकड़ गया है। अधिशासी अधिकारी कर्मियों को हटाने और लगाने की स्थिति स्पष्ट नहीं कर पाए। इस पर जिलाधिकारी अनुनय झा ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने अधिशासी अधिकारी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की संस्तुति करते हुए नगर विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र भेजा है।नगरीय निकायों में कर्मचारियों की कमी के दृष्टिगत आउटसोर्स से सफाई कर्मचारियों को रखने की व्यवस्था है। नगरों की साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए नगर पालिका शाहाबाद में आउटसोर्स से कर्मचारियों को लगाया गया था। अधिशासी अधिकारी ने 20 सफाईकर्मियों को काम से हटा दिया। इस पर सफाईकर्मियों ने मानदेय के भुगतान सहित काम पर रखे जाने के लिए धरना-प्रदर्शन भी किया था। कुछ दिन बाद अधिशासी अधिकारी ने सात कर्मियों को वापस काम पर रख लिया जबकि 13 कर्मियों को नहीं लिया। सफाईकर्मियों ने शिकायतें भी कीं लेकिन कुछ भी नहीं हुआ।बताया कि शानू खां आदि ने उच्च न्यायालय की शरण ली। मामला न्यायालय में जाने पर अधिशासी अधिकारी से प्रशासन ने भी सात सफाईकर्मियों को वापस रखने और 13 को हटाए जाने की स्थिति स्पष्ट करते हुए रिपोर्ट मांगी। अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार सोलंकी प्रशासन और न्यायालय के समक्ष स्थिति स्पष्ट नहीं कर सके। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई किए जाने के लिए नगर विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र भेजा है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 02, 2026, 23:02 IST
Hardoi News: आउटसोर्सिंग कर्मियों को हटाने और लगाने की ईओ नहीं कर पाए स्थिति स्पष्ट, कार्रवाई तय #TheEOCouldNotClarifyTheSituationRegardingTheRemovalAndDeploymentOfOutsourcingPersonnel #ActionIsDecided. #SubahSamachar
