'कुछ समाजों को टारगेट कर रही सरकार': पूर्व विधायक गुंजल का आरोप, केडीए के खिलाफ सड़कों पर उतरेगा सर्व समाज

कोटा में गुर्जर, भील समेत विभिन्न समाजों ने कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए), वन विभाग और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कथित उत्पीड़न और अतिक्रमण कार्रवाई के विरोध में 25 जून को सर्व समाज की ओर से बड़े प्रदर्शन की घोषणा की गई है। इस आंदोलन को लेकर कोटा उत्तर के पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने बुधवार को प्रेस वार्ता कर सरकार और प्रशासन पर तीखे आरोप लगाए। गुर्जर सहित अन्य समाजों के साथ हो रहा अन्याय प्रहलाद गुंजल ने कहा कि गुर्जर सहित कई समाजों के लोगों के साथ अन्याय किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ विशेष समुदायों को निशाना बनाकर परेशान किया जा रहा है और उन्हें उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन गांवों में वर्षों से सैकड़ों परिवार निवास कर रहे हैं, वहां रहने वाले लोगों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। ग्रामीण जिन जंगलों में अपने पशुओं को चराने और चारा-पत्ती लाने जाते थे, वहां अब उनसे भारी जुर्माना वसूला जा रहा है। इससे ग्रामीणों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। अतिक्रमण के नाम पर लोगों को बेघर किया जा रहा पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि अतिक्रमण हटाने के नाम पर लोगों को बेघर किया जा रहा है, जबकि उनकी समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि सर्व समाज के लोग अब एकजुट होकर सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने के लिए आंदोलन का रास्ता अपना रहे हैं। लोग भय के माहौल में जीवन-यापन कर रहे प्रहलाद गुंजल ने कोटा विकास प्राधिकरण पर भी निशाना साधते हुए कहा कि गरीब और मजदूर वर्ग के लोग भय के माहौल में जीवन यापन कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि एक साधारण बूट पॉलिश करने वाला मजदूर भी अपनी बात खुलकर नहीं कह पा रहा है, क्योंकि उसे अपनी रोजी-रोटी छिन जाने का डर है। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकार का दायित्व गरीबों और मजदूरों को सम्मानपूर्वक जीवन और रोजगार उपलब्ध कराना होता है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियां इसके विपरीत दिखाई दे रही हैं। ये भी पढ़ें-Jaipur News:जयपुर में फिर बड़ा बुलडोजर एक्शन! नंदपुरी-जगतपुरा कॉरिडोर के लिए JDA का सर्वे शुरू अपने राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए गुंजल ने कहा कि उन्होंने वर्षों तक भाजपा का समर्थन किया, लेकिन अब पार्टी छोड़ने के बाद उनके विचारों और आवाज को अलग नजरिए से देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी बात रखने और अधिकारों के लिए संघर्ष करने का हक है। गौरतलब है कि 25 जून को प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि तैयारियों में जुटे हुए हैं। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 23, 2026, 15:53 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




'कुछ समाजों को टारगेट कर रही सरकार': पूर्व विधायक गुंजल का आरोप, केडीए के खिलाफ सड़कों पर उतरेगा सर्व समाज #CityStates #Kota #Rajasthan #KotaNews #PrahladGunjal #KotaProtest #GurjarCommunityProtest #KdaKota #ForestDepartmentRajasthan #RajasthanPolitics #KotaDevelopmentAuthority #KotaLatestNews #SubahSamachar