Una News: होली के रंगों में रंगे जिले के बाजार, खरीदारी को उमड़ी भीड़
ऊना/बडूही (ऊना)। होली पर्व को लेकर जिलेभर के बाजारों में रौनक देखने को मिली। सदर ऊना, बंगाणा, जोल, मैहतपुर, अंब, गगरेट, चिंतपूर्णी, बडूही बाजार इन दिनों होली के रंगों में पूरी तरह सराबोर नजर आ रहे हैं। रंग-बिरंगे गुलाल, आकर्षक पिचकारियों और तरह-तरह के सजावटी सामान से सजी दुकानों ने बाजार की रौनक को कई गुना बढ़ा दिया है। स्थानीय लोगों के साथ-साथ प्रवासी भी जमकर खरीदारी करते दिखाई दे रहे हैं। बाजार में इस बार प्राकृतिक और हर्बल गुलाल की मांग अधिक देखी जा रही है। लाल, गुलाबी, पीला, हरा और बैंगनी रंगों के गुलाल के साथ-साथ बच्चों के लिए कार्टून थीम वाली पिचकारियां भी खूब बिक रही हैं। छोटे बच्चों से लेकर युवाओं तक में होली को लेकर खासा उत्साह है। दुकानदारों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से बिक्री में लगातार इजाफा हो रहा है। त्योहार के चलते बाजार में ग्राहकों की संख्या बढ़ी है, जिससे कारोबार में रौनक लौट आई है। कई दुकानदारों ने विशेष छूट और ऑफर भी रखे हैं, ताकि लोग अधिक से अधिक खरीदारी कर सकें। स्थानीय लोगों का कहना है कि होली का त्योहार आपसी भाईचारे और प्रेम का प्रतीक है। बाजार की सजावट और लोगों की भीड़ यह दर्शा रही है कि क्षेत्र में त्योहार को लेकर भारी उत्साह है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 03, 2026, 23:37 IST
Una News: होली के रंगों में रंगे जिले के बाजार, खरीदारी को उमड़ी भीड़ #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
