Bihar: दो सप्ताह से लापता ड्राइवर का सड़ा-गला शव बरामद, हत्या की आशंका से बढ़ा सस्पेंस
बिहार के सीवान जिले के पचरुखी थाना क्षेत्र के गोपालपुर स्थित चंवर में बुधवार को 35 वर्षीय शख्स का सड़ा-गला शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। खेत की ओर गए ग्रामीणों की नजर अचानक चंवर में पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पचरुखी थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान महमदपुर निवासी हामिद अली उर्फ बबलू, पिता तैयब अली के रूप में की। दो सप्ताह से लापता था हामिद अली परिजनों ने बताया कि हामिद अली करीब दो सप्ताह से लापता थे। उनके पिता तैयब अली ने 18 जून को पचरुखी थाना में बेटे की गुमशुदगी की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद परिवार लगातार उनकी तलाश करता रहा, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार को शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घर की महिलाएं रो-रोकर बेसुध हो गईं। पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, मौके से कई सामान बरामद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सीवान भेज दिया। घटनास्थल से मृतक का पर्स, चप्पल, आधार कार्ड और गंजी भी बरामद की गई है। शव काफी हद तक सड़-गल चुका था और उसकी हालत बेहद खराब थी। परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप परिजनों का आरोप है कि हामिद अली की हत्या करने के बाद शव को चंवर में फेंक दिया गया। उनका कहना है कि साक्ष्य मिटाने और शव को जल्द नष्ट करने की नीयत से उस पर किसी प्रकार का केमिकल भी डाला गया होगा, जिसके कारण शव की हालत इतनी खराब हो गई। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। ड्राइवर था मृतक, तीन छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया मृतक हामिद अली आठ भाइयों में छठे नंबर पर थे और पेशे से ड्राइवर थे। वह अपने परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद पूरे परिवार का बुरा हाल है। बच्चे पिता का शव देखकर रो-रोकर बेहाल हैं। फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य घटना की सूचना मिलने के बाद फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य और नमूने एकत्र किए। पुलिस सभी तकनीकी और वैज्ञानिक पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। हत्या की आशंका को लेकर पुलिस की छानबीन तेज पचरुखी थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हर पहलू पर बारीकी से पड़ताल की जा रही है। हत्या की आशंका को देखते हुए अपराधियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा। यह भी पढ़ें:बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 36 अधिकारियों के तबादले, जानें किसे कहां मिली जिम्मेदारी ग्रामीणों में आक्रोश, जल्द कार्रवाई की मांग घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं और पुलिस को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं, मृतक का परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहा है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 01, 2026, 12:19 IST
Bihar: दो सप्ताह से लापता ड्राइवर का सड़ा-गला शव बरामद, हत्या की आशंका से बढ़ा सस्पेंस #CityStates #Crime #Bihar #Saran #BiharNews #SubahSamachar
