Rohtak News: नालों की सफाई के लिए शहर को चार जोन में बांटा
संवाद न्यूज एजेंसीरोहतक । बारिश का मौसम शुरू होने से पहले ही नालों की सफाई के लिए नगर निगम ने शहर को चार जोन में बांटा है। नगर निगम का दावा है कि पानी निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए चिह्नित स्थलों पर सफाई पर विशेष जोर दिया जाएगा।नगर निगम क्षेत्र में छोटे-बड़े तमाम नालों की लंबाई 100 किलोमीटर से भी अधिक है। ऐसे में बारिश होने पर जलभराव की समस्या होती है। शहर में पालिका बाजार के पास, झज्जर रोड, सर्कुलर रोड, सैनी कॉलेज रोड, जनस्वास्थ्य विभाग के पास बने नालों में गंदगी जमा है। हालांकि, निगम अधिकारियों का कहना है कि जिन स्थानों पर बारिश के समय जलभराव की समस्या अधिक रहती है वहां प्राथमिकता के आधार पर नालों की सफाई एवं सिल्ट उठान का कार्य कराया जा रहा है। इसी क्रम में पुराने बस स्टैंड रोड एवं सोनीपत रोड पर नालों की सफाई का कार्य जारी है। सफाई के दौरान नालों में जमी गाद, कूड़ा-कचरा एवं अन्य अवरोधों को मशीनों एवं कर्मचारियों की सहायता से हटाया जा रहा है। सोनीपत रोड के अलावा जींद रोड, गोकर्ण पर नालों से निकाली गई गाद को उठाने का कार्य किया जा रहा है।नालों की सफाई जल्द से जल्द हो सके इसके लिए शहर को जोन वाइज आवंटित किया गया है। नगर निगम आयुक्त नरेंद्र कुमार का कहना है कि नालों पर अतिक्रमण के मामले सामने आए हैं। नागरिक अतिक्रमण स्वयं हटा ले नहीं तो निगम की टीम अतिक्रमण हटाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 29, 2026, 22:06 IST
Rohtak News: नालों की सफाई के लिए शहर को चार जोन में बांटा #TheCityHasBeenDividedIntoFourZonesForCleaningDrains. #SubahSamachar
