Una News: जिले के बाजारों में रंगों और पिचकारियों की धूम

ऊना। होली का त्योहार नजदीक आते ही बाजारों में रौनक बढ़ गई है। शहर के मुख्य बाजारों से लेकर मोहल्लों की दुकानों तक रंग-बिरंगी पिचकारियां और गुलाल सजे नजर आ रहे हैं। बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। इस बार बाजार में पारंपरिक के साथ-साथ आधुनिक डिजाइन की पिचकारियों और रंगों की भरमार है।दुकानदारों के अनुसार बाजार में उपलब्ध पिचकारियां 10 रुपये से लेकर 800 रुपये तक की रेंज में उपलब्ध हैं। इसके अलावा गन वाली पिचकारियां 20 से 50 रुपये में मिल रही हैं, जो बच्चों को खासा आकर्षित कर रही हैं। गुब्बारा डीलक्स पिचकारी 10 से 500 रुपये तक और स्प्रे कॉक पिचकारी 50 से 300 रुपये तक बिक रही है।डंडा पिचकारियों में भी इस बार नया ट्रेंड देखने को मिल रहा है। न्यू सिंगल डंडा पिचकारी 50 रुपये में और न्यू तीन डंडा पिचकारी 100 रुपये में उपलब्ध है। इनकी खासियत है कि एक साथ कई गुब्बारों में रंगीन पानी भरा जा सकता है। टैंक वाली भारी पिचकारियां 150 से 800 रुपये तक मिल रही हैं जबकि तवा मॉडल पिचकारी 20 से 500 रुपये तक उपलब्ध है। न्यू सिलेंडर फॉग मॉडल पिचकारी 100 से 800 रुपये तक की रेंज में बाजार में आई है।रंगों की बात करें तो इस बार हर्बल गुलाल के 10 रुपये के पैकेट वाले सेट लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं। इसके अलावा पानी वाले कॉक रंग 10, 20 और 50 रुपये की कीमत में उपलब्ध हैं। अभिभावक बच्चों की त्वचा को ध्यान में रखते हुए हर्बल और सुरक्षित रंगों की खरीद को प्राथमिकता दे रहे हैं।ऊना बाजार के व्यापारी मनीष का कहना है कि इस बार होली को खास बनाने के लिए पारंपरिक गुलाल के साथ आधुनिक डिजाइन की पिचकारियों का अच्छा स्टॉक मंगवाया गया है। हर वर्ग की जेब के अनुसार सस्ते और महंगे दोनों तरह के उत्पाद बाजार में मौजूद हैं। ग्राहक अपनी पसंद और बजट के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं।स्थानीय व्यापारी आशीष डोगरा ने कहा कि होली के नजदीक आते ही बाजारों में भीड़ बढ़ने की संभावना है। ऊना शहर में विभिन्न जिलों और राज्यों के लोग रहते हैं। सभी पारंपरिक तरीके से इस त्योहार को मनाते हैं। ऐसे में दुकानदारों को इस बार बेहतर कारोबार की उम्मीद है। होली त्योहार पर आई पिचकारियों को दिकाते ऊना बाजार के व्यापारी। संवाद

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 28, 2026, 23:43 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: जिले के बाजारों में रंगों और पिचकारियों की धूम #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar