Kullu News: ढाई साल से कंधों से नहीं उतरा ब्रैहिन वासियों का बोझ
लारजी (कुल्लू)। सैंज घाटी की दुर्गम ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों के कंधों से बोझ नहीं उतर रहा है। ग्राम पंचायत भल्लाण-दो के गांव ब्रैहिन को जोड़ने के लिए बनी सड़क क्षतिग्रस्त है और पिन पार्वती नदी पर बना पुल बाढ़ में बह गया है। पिछले ढाई सालों से न सड़क की मरम्मत हो पाई है और न ही पुल का दोबारा निर्माण हो पाया है। ग्रामीणों को रोजाना नदी झूले (रज्जू मार्ग) के माध्यम से जान-जोखिम में डाल पर करनी पड़ रही है। वहीं, सबसे अधिक परेशानी बीमारी की हालत में झेलनी पड़ जाती है। मरीजों की जान से खिलवाड़ हो रहा है और प्रशासन नहीं जाग रहा है। ऐसा ही मामला वीरवार सुबह सामने आया है। गांव की गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा उठी। परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से महिला को कुर्सी पर डंडे बांध और कंधों पर उठाकर एंबुलेंस तक पहुंचाना पड़ा। झूले के माध्यम से नदी को पार करवाया। इसमें इतना समय निकल गया कि महिला का प्रसव एंबुलेंस में ही हो गया। गनीमत रही की जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित हैं। ग्रामीण गगन, ललित, कर्ण, दीवान, भूमि कुमार ने कहा कि ग्रामीणों को साल 2023 में आई प्राकृतिक आपदा के बाद समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उधर, पंचायत के निवर्तमान प्रधान पूर्ण चंद ने कहा कि उन्होंने पुल के निर्माण और सड़क की मरम्मत के लिए सरकार के मंत्री, प्रशासन और खंड विकास अधिकारी को कई बार प्रस्ताव सौंपे हैं लेकिन ग्रामीणों की समस्या हल नहीं हो पाई है। ग्राम पंचायत भल्लाण-दो के गांव ब्रैहिन को जोड़ने वाली सड़क की मरम्मत के लिए आपदा प्रबंधन के तहत प्रशासन को बजट के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। बजट मिलते ही सड़क की दशा को सुधारा जाएगा। पुल निर्माण संबंधी कार्य लोक निर्माण विभाग का तकनीकी विंग देख रहा है। -गौरव धीमान, खंड विकास अधिकारी भुंतर
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 19, 2026, 18:35 IST
Kullu News: ढाई साल से कंधों से नहीं उतरा ब्रैहिन वासियों का बोझ #KulluNews #KulluTodayNews #KulluUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
