Delhi News: डॉ. आशुतोष मुखर्जी के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाएगी पुस्तक
नई दिल्ली। महान व्यक्तित्व केवल इतिहास का हिस्सा नहीं होते, बल्कि प्रत्येक पीढ़ी के प्रेरणास्रोत होते हैं। भारतीय भाषाओं और मूल्य आधारित शिक्षा पर राष्ट्रीय शिक्षा नीति का जोर डॉ. आशुतोष मुखर्जी की दूरदर्शी सोच का ही विस्तार है। ये बातें दिल्ली विधानसभा परिसर में मंगलवार को आयोजित पुस्तक विमोचन समारोह में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहीं। इस दौरान दिल्ली विधानसभा ने बंगाल टाइगर के नाम से विख्यात शिक्षाविद् डॉ. आशुतोष मुखर्जी की 162वीं जयंती पर उनके विधायी भाषणों के संकलन बंगाल टाइगर आशुतोष मुखर्जी के भाषणों का संग्रह पुस्तक का विमोचन किया। इस मौके पर केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा ने कहा कि जैसे मोबाइल फोन को प्रतिदिन रिचार्ज करने की आवश्यकता होती है, उसी प्रकार सार्वजनिक जीवन को भी लगातार बौद्धिक ऊर्जा की जरूरत होती है। डॉ. आशुतोष मुखर्जी के भाषण आज भी संवैधानिक मूल्यों, तर्कपूर्ण विमर्श और राष्ट्रभावना से समाज को ऊर्जा प्रदान करते हैं। वहीं, दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने कहा कि डॉ. आशुतोष मुखर्जी भारत के बौद्धिक पुनर्जागरण के शिल्पकार थे। शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने साबित किया कि शिक्षा ही राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत आधारशिला है। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा, मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, डॉ. पंकज कुमार जैन, मोहन सिंह बिष्ट व अन्य मौजूद रहे। इस दौरान डॉ. आशुतोष मुखर्जी के जीवन और योगदान पर आधारित विशेष डॉक्यूमेंट्री का भी प्रदर्शन किया गया। संवाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 30, 2026, 18:29 IST
Delhi News: डॉ. आशुतोष मुखर्जी के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाएगी पुस्तक #TheBookWillConveyDr.AshutoshMukherjee'sIdeasToTheNewGeneration. #SubahSamachar
