Panipat News: बाल विवाह की शिकायत पर पहुंची प्रशासन की टीम
पानीपत। शहर की एक कॉलोनी में 14 साल की किशोरी की शादी करने की सूचना पर बुधवार को प्रशासन की टीम पहुंच गई। वहां पर किशोरी मिली, लेकिन माता-पिता बाहर गए थे। माता-पिता को बाल विवाह निषेध अधिकारी के कार्यालय में बुलाकर जानकारी ली गई। उन्होंने बताया कि उनका फिलहाल बेटी की शादी करने का कोई इरादा नहीं है। वह मानसिक रूप से बीमार है। जिस कारण कभी-कभी मेहंदी लगा लेती है। एक बार तो उसने मांग में सिंदूर भी लगा लिया था। महिला संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी रजनी गुप्ता ने बताया कि उनकी टीम को दो दिन पहले सूचना मिली थी कि देशराज कॉलोनी में एक 14 साल की किशोरी का विवाह होने वाला है। तुरंत ही टीम मौके पर पहुंच गई। जब टीम उनके घर पर पहुंची तो किशोरी मिली। उसके हाथ में मेहंदी लगी थी। शक होने पर माता-पिता से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि वह मूल रूप से यूपी के इटावा जिले के रहने वाले हैं। पांच-छह साल से पानीपत में रहकर मजदूरी करते हैं। उनके चार बच्चे है। जिनमें 14 साल की बेटी है। माता-पिता ने बताया कि उनकी बेटी मानसिक रूप से बीमार है। जिस कारण वह कभी-कभी मेहंदी लगाकर कहती है कि उसकी शादी होने वाली है। टीम ने उन्हें अदालत के सामने पेश कर बयान दर्ज कराए। माता-पिता ने शपथ देकर कहा कि वह 18 साल पूरे होने से पहले बेटी की शादी नहीं करेंगे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 26, 2026, 03:20 IST
Panipat News: बाल विवाह की शिकायत पर पहुंची प्रशासन की टीम #TheAdministrationTeamArrivedOnTheComplaintOfChildMarriage. #SubahSamachar
