Kurukshetra News: थानेसर अनाज मंडी के आढ़ती ने निगला जहर
कुरुक्षेत्र। नई अनाज मंडी थानेसर के एक आढ़ती की जहर निगलने से मौत हो गई। युवक की पहचान कैथल जिला के चुहड़ माजरा गांव के रहने वाले 42 वर्षीय राममेहर के रूप में हुई है। वह पिछले करीब 20 वर्षों से आकाश नगर थानेसर में रह रहा था और नई अनाज मंडी में आढ़त का काम करता था।जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे आढ़ती राममेहर ने दुकान पर ही जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। युवक के साले राजेश कुमार के अनुसार राममेहर पिछले कुछ समय से व्यापार और प्रॉपर्टी से जुड़े मामलों को लेकर मानसिक तनाव में थे। राममेहर अपने पीछे पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। राममेहर का छोटा भाई अमेरिका में रहता है और बड़ा भाई गांव में खेतीबाड़ी करते हैं। घटना की सूचना मिलने पर कृष्णा गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। थाना प्रभारी बलजीत सिंह ने बताया कि मामले में इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। संवाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 03, 2026, 03:19 IST
Kurukshetra News: थानेसर अनाज मंडी के आढ़ती ने निगला जहर #ThanesarGrainMarketCommissionAgentSwallowedPoison #SubahSamachar
