Una News: टीजीटी के एरियर की 2025-26 की किस्तें अटकीं, कर्मचारियों में रोष

दौलतपुर चौक (ऊना)। लंबे समय से अपने वित्तीय बकाये के भुगतान का इंतजार कर रहे रिट्रेंच्ड कांट्रेक्चुअल टीजीटी (संविदा प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक) की परेशानी बढ़ गई है। अनुबंध कर्मचारी संघ के जिला प्रधान सुनीत सिंह राणा ने जारी बयान में कहा कि स्कूल प्रवक्ता न्यू के पद पर सेवाएं दे रहे कर्मचारियों को एरियर की वर्ष 2025 और 2026 में देय किस्तों का भुगतान अब तक नहीं हो पाया है। कर्मचारियों ने शिक्षा विभाग और प्रदेश सरकार से लंबित किस्तें जल्द जारी करने की मांग उठाई है।कर्मचारियों के अनुसार उनके एरियर का भुगतान किस्तों में किए जाने का निर्णय लिया गया था। इसके तहत कुछ किस्तें जारी भी की जा चुकी हैं, लेकिन वर्ष 2025 और 2026 की किस्तें अभी तक नहीं मिली हैं। कर्मचारियों का कहना है कि लंबित भुगतान को लेकर विभाग की ओर से स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है। इससे कर्मचारियों में असमंजस के साथ-साथ रोष भी बढ़ रहा है।कर्मचारियों ने कहा कि एरियर उनके लंबे समय से लंबित वित्तीय अधिकार से जुड़ा मामला है। किस्तों का भुगतान निर्धारित समय पर नहीं होने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार और शिक्षा विभाग से मामले को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए लंबित भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग की।स्कूल प्रवक्ता न्यू के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने भी कर्मचारियों की मांग का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि सरकार को लंबित एरियर की किस्तें जारी करने में अब और देरी नहीं करनी चाहिए। जिला प्रधान सुनीत सिंह राणा, सचिव रमणीक बंसल, कोषाध्यक्ष नरेंद्र नाथ, राज्य सचिव रविंद्र गुलेरिया, राज्य प्रेस सचिव ओम पराशर, असिस्टेंट फाइनेंस सेक्रेटरी संजीव कुमार, ज्वाइंट सेक्रेटरी चमन लाल, प्रवक्ता अश्विनी धीमान तथा स्टेट डेलीगेट्स विमल कुमार, चंचल कुमार और नरेंद्र नाथ ने सरकार से जल्द कार्रवाई की मांग की।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Aug 09, 2026, 23:11 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: टीजीटी के एरियर की 2025-26 की किस्तें अटकीं, कर्मचारियों में रोष #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar