Una News: टेंडर हुए, दावे भी हुए लेकिन पुल को अभी भी मरम्मत का इंतजार

ऊना। पुल टूटा तो आठ महीने बाद विभाग जागा, टेंडर हुए तो उम्मीद जगी लेकिन काम शुरू करने की बारी आई तो फिर से तारीख पे तारीख। पेखुबेला-झोड़ोवाल पुल की मरम्मत को लेकर किए गए दावे डेढ़ महीने बाद भी कागजों से बाहर नहीं निकल पाए हैं। बरसात सिर पर खड़ी है जबकि पुल की हालत और विभाग की सुस्ती दोनों ग्रामीणों की चिंता बढ़ा रही है।पेखुबेला-झोड़ोवाल पुल की मरम्मत को लेकर लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। पुल को क्षतिग्रस्त हुए आठ महीने से अधिक समय बीत चुका है। विभाग ने मरम्मत के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ठेकेदार भी तय कर दिया लेकिन मौके पर अब तक काम शुरू नहीं हो पाया है। इस पुल के मरम्मत कार्य पर करीब दस लाख रुपये के खर्च किए जाएंगे। विभाग ने पुल के मरम्मत कार्य को पूरा करने लिए दो महीने की समय सीमा तय की है। ऐसे में टेंडर लेने वाले ठेकेदार को दो महीने के भीतर ही इस कार्य को पूरा करना होगा। वर्तमान में टेंडर आवंटित हुए भी करीब डेढ़ महीना बीत चुका है लेकिन ठेकेदार द्वारा अभी तक कार्य शुरू नहीं किया गया है। ऐसे में ग्रामीणों ने विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े करने शुरू कर दिए है। बरसात का मौसम नजदीक आने से क्षेत्र के लोगों की चिंता बढ़ गई है। झोड़ोवाल पंचायत के पूर्व प्रधान राम कुमार, स्थानीय निवासी रणजोत सिंह, उपप्रधान विक्रम सिंह, सराज पाल, सतीश, विक्रम सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि पुल के मरम्मत कार्य शुरू करने को लेकर लोक निर्माण विभाग के आलाधिकारियों ते बात की गई। पिछले दो महीनों से विभाग के अधिकारी आश्वासन ही दे रहे हैं।इस पुल का मरम्मत कार्य जल्द शुरू कर देंगे। यदि ठेकेदार समय अवधि के भीतर मरम्मत कार्य नहीं करेगा तो उसका टेंडर रद्द कर दिया जाएगा।-केएस ठाकुर, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण मंडल ऊना

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 08, 2026, 19:03 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: टेंडर हुए, दावे भी हुए लेकिन पुल को अभी भी मरम्मत का इंतजार #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar