Sikar: सीकर के लक्ष्मीनाथ मंदिर में पुजारी की संदिग्ध मौत, सुसाइड नोट मिलने से मामला गरमाया
सीकरजिले के रानोली थाना क्षेत्र के शिश्यूं गांव स्थित प्राचीन लक्ष्मीनाथ मंदिर के पुजारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मंदिर परिसर में 42 वर्षीय पुजारी रामअवतार का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिलने के बाद मामला और संवेदनशील हो गया है। जानकारी के अनुसार, मंदिर परिसर में पुजारी रामअवतार ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फंदा लगाने के लिए गैस सिलेंडर का सहारा लिया गया था। शनिवार सुबह करीब चार बजे उनकी पत्नी शीतल देवी मंदिर के पट खोलने पहुंचीं तो उन्होंने रामअवतार को फंदे से लटका देखा। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतारा गया तथा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही रानोली थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की। इसी दौरान एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, नोट में कुछ लोगों के नाम लिखे होने की बात सामने आई है, जिसके बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया। पढ़ें:खंभे हटाए बिना ही बना दी सड़क; लोगों ने पूछा- हादसे का इंतजार कर रहा प्रशासन मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने मांग की कि सुसाइड नोट में जिन लोगों के नाम हैं, उनके खिलाफ पहले कार्रवाई की जाए, उसके बाद ही पोस्टमार्टम कराया जाए। इस मांग को लेकर ग्रामीणों ने मंदिर परिसर के बाहर धरना दिया। बाद में पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद धरना समाप्त हुआ और शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों का आरोप है कि यह केवल आत्महत्या का मामला नहीं है, बल्कि इसके पीछे गंभीर कारण हो सकते हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। वहीं पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट की सत्यता और उसमें दर्ज तथ्यों की जांच की जा रही है। जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनसे पूछताछ की जाएगी। साथ ही मंदिर परिसर के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 05, 2026, 10:59 IST
Sikar: सीकर के लक्ष्मीनाथ मंदिर में पुजारी की संदिग्ध मौत, सुसाइड नोट मिलने से मामला गरमाया #CityStates #Crime #Rajasthan #Sikar #SikarNews #SikarViralNews #SikarHindiNews #SikarLatestNews #SubahSamachar
