Panipat News: सैफ अली खान से मिलने की चाह में किशोर ने तीन बार छोड़ा घर, दादर पुलिस लेकर पहुंची पानीपत

माई सिटी रिपोर्टरपानीपत। सैफ अली खान से मिलने की इच्छा लेकर पानीपत के एक गांव का किशोर एक माह पहले घर छोड़कर मुंबई पहुंच गया। महाराष्ट्र के दादर क्षेत्र में संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए मिलने पर स्थानीय पुलिस ने उसे पकड़ा और पानीपत बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया। समिति ने किशोर को संरक्षण में लेकर पुनर्वास केंद्र भेज दिया है।बाल कल्याण समिति के चेयरमैन केदार दत्त कौशिक ने बताया कि तीन दिन पहले दादर नगर पुलिस किशोर को लेकर पानीपत स्थित समिति कार्यालय पहुंची थी। किशोर मूल रूप से समालखा क्षेत्र के एक गांव का निवासी है। दादर पुलिस ने उसे मुंबई में संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए पाया था, जिसके बाद संपर्क कर उसे पानीपत लाया गया।समिति के सदस्यों मीना शर्मा और किरण मलिक ने किशोर से बातचीत की। पूछताछ के दौरान किशोर ने बताया कि वह सैफ अली खान से मिलना चाहता था, इसी उद्देश्य से वह लगभग एक माह पहले घर से निकलकर मुंबई पहुंचा था। वहां वह अभिनेता से मिलने के प्रयास करता रहा, लेकिन उसकी मुलाकात नहीं हो सकी।किशोर ने यह भी बताया कि वह पहले भी दो बार घर छोड़ चुका है। काउंसलिंग के दौरान उसने अपनी इच्छा जताई कि वह आगे चलकर अभिनेता बनना चाहता है या किसी मॉल में नौकरी करना चाहता है। पुलिस जांच और पूछताछ में यह भी सामने आया कि मुंबई में घूमते समय एक दिन उसकी मुलाकात अभिनेता जैकी श्रॉफ से हुई थी और उसने उनसे हाथ भी मिलाया था।फिलहाल बाल कल्याण समिति ने किशोर को सुरक्षित पुनर्वास केंद्र भेज दिया है तथा उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 26, 2026, 02:49 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Panipat News: सैफ अली खान से मिलने की चाह में किशोर ने तीन बार छोड़ा घर, दादर पुलिस लेकर पहुंची पानीपत #TeenagerRanAwayFromHomeThreeTimesInABidToMeetSaifAliKhan;DadarPoliceBroughtHimBackFromPanipat. #SubahSamachar