Sonipat News: जहरीला पदार्थ खाने से किशोर की मौत, टेंट हाउस संचालक व पत्नी पर प्राथमिकी दर्ज

गन्नौर। गांव अगवानपुर निवासी साढ़े 17 वर्षीय किशोर की जहरीला पदार्थ खाने से उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के पिता ने टेंट हाउस संचालक और उसकी पत्नी पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए थाना गन्नौर में प्राथमिकी दर्ज कराई है।गांव अगवानपुर निवासी कृष्ण ने गन्नौर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है कि उनके बेटे दीक्षु करीब 25 दिन से पांची रोड स्थित हरियाणा टेंट हाउस में काम कर रहे थे। परिवार के अनुसार दीक्षु दसवीं में फेल हो गया था जिसके बाद उसे काम सीखने के लिए टेंट हाउस पर लगा दिया था।आरोप है कि करीब पांच दिन पहले टेंट हाउस वालों ने बताया कि दीक्षु टेंट हाउस का टेंपो लेकर अगवानपुर आरओबी की ओर गया था और वहां वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसके बाद टेंट संचालकों ने करीब 60 हजार रुपये के नुकसान की भरपाई की मांग की। इसे लेकर किशोर के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी गई। बाद में टेंट हाउस संचालक ने कहा कि किशोर काम करके नुकसान की भरपाई करेगा। कृष्ण का आरोप है कि 24 जून की रात टेंट संचालक दीपक और उसकी पत्नी बेटे को काम के लिए ले गए। अगले दिन सुबह घर लौटने पर दीक्षु ने बताया कि उसे प्रताड़ित किया गया है। इससे आहत होकर उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। उल्टी आने पर वे उसे तुरंत खानपुर कलां स्थित बीपीएस राजकीय महिला चिकित्सा संस्थान लेकर पहुंचे जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। गन्नौर थाना पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर टेंट हाउस संचालक दीपक और उसकी पत्नी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 26, 2026, 21:06 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Sonipat News: जहरीला पदार्थ खाने से किशोर की मौत, टेंट हाउस संचालक व पत्नी पर प्राथमिकी दर्ज #TeenagerDiesAfterConsumingPoisonousSubstance;FIRRegisteredAgainstTentHouseOwnerAndHisWife. #SubahSamachar