यूपी: छात्र से यौन शोषण के प्रयास में शिक्षक को 10 साल की सजा, एक लाख रुपये का जुर्माना; 2902 दिन बाद फैसला
विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट आलोक कुमार की अदालत ने 13 वर्षीय छात्र के साथ यौन शोषण के प्रयास के मामले में कोचिंग शिक्षक चंद्र भूषण सिंह को दोषी करार दिया है। अदालत ने अभियुक्त को दस साल के कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। जुर्माने की 70 प्रतिशत राशि पीड़ित को देने का आदेश दिया गया है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, चोलापुर निवासी वादी ने 15 अक्तूबर 2018 को थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि घटना वाले दिन दोपहर करीब तीन बजे वादी का 13 वर्षीय पुत्र कोचिंग पढ़ने गया था। वहां चंद्र भूषण सिंह उसे पढ़ाते थे। कोचिंग से घर लौटने के बाद बच्चे ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। अभियोजन के मुताबिक, बच्चे ने परिजनों को बताया कि कोचिंग के दौरान शिक्षक ने उसके साथ गलत काम करने का प्रयास किया। इसके बाद परिवार के लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी और शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू की।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Sep 25, 2026, 00:36 IST
यूपी: छात्र से यौन शोषण के प्रयास में शिक्षक को 10 साल की सजा, एक लाख रुपये का जुर्माना; 2902 दिन बाद फैसला #CityStates #Varanasi #Pocso #MinorStudent #SubahSamachar
