Dehradun News: निजी वाहनों के खिलाफ टैक्सी संचालकों का प्रदर्शन

बाहरी क्षेत्रों से किराए के निजी वाहनों में पर्यटकों के चकराता पहुंचने पर स्थानीय टैक्सी संचालकों में भारी रोष है। जौनसारी जनजाति हल्का वाहन वेलफेयर समिति ने इसका विरोध करते हुए रविवार को चकराता बस स्टैंड पर प्रदर्शन किया। समिति ने परिवहन विभाग और प्रशासन से पर्यटकों के लिए स्थानीय पंजीकृत टैक्सियों का इस्तेमाल अनिवार्य करने की मांग की है।समिति अध्यक्ष रणवीर सिंह राणा और उपाध्यक्ष पूरन सिंह राणा ने कहा कि क्षेत्र में सैकड़ों वाणिज्यिक टैक्सियां पंजीकृत हैं। स्थानीय टैक्सियों के इस्तेमाल से जहां एक ओर स्थानीय युवाओं का रोजगार बचेगा, वहीं विभाग के पास वाहनों का पूरा रिकॉर्ड होने से पर्यटकों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी। उनका तर्क है कि निजी नंबर के वाहनों से आवागमन का कोई स्पष्ट रिकॉर्ड न होने से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े होते हैं। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि वे जल्द ही उप जिलाधिकारी को भी ज्ञापन सौंपेंगे। यदि निजी वाहनों के व्यावसायिक इस्तेमाल पर रोक लगाकर स्थानीय टैक्सी संचालकों के हित में ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो समिति उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी। प्रदर्शन में जयपाल चौहान, अनिल कुमार, दिनेश और शुभम कुकरेती सहित कई सदस्य मौजूद रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Aug 09, 2026, 21:44 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Dehradun News: निजी वाहनों के खिलाफ टैक्सी संचालकों का प्रदर्शन #TaxiOperators'ProtestAgainstPrivateVehicles #SubahSamachar