Banswara: एक्शन मोड में पुलिस, टामटिया मर्डर केस में छह संदिग्ध हिरासत में, फरार आरोपियों के लिए दबिश जारी

बांसवाड़ा जिले के मोटा गांव थाना क्षेत्र के टामटिया गांव में हुए युवक की हत्या के बाद उपजे तनाव के बीच अब हालात सामान्य हैं। गांव में शांति बनी हुई है, लेकिन पुलिस पूरी तरह सतर्क है। मृतक के परिजनों ने 12 लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है, जबकि पुलिस ने 6 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। टामटिया गांव में रविवार रात गोविंद पुत्र छगनलाल की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद गांव में भारी बवाल हुआ और आगजनी भी की गई थी। फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रण में है और मंगलवार को मृतक का अंतिम संस्कार किया जाएगा। 12 लोगों पर केस, 6 हिरासत में मृतक के शव का बांसवाड़ा जिला अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम कराया गया और मंगलवार सुबह शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने अंतिम संस्कार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सुरक्षा बल तैनात किए हैं। मृतक के पिता छगनलाल निनामा ने थाने में 12 लोगों के खिलाफ हत्या और हमले का मामला दर्ज कराया है। थाना अधिकारी रमेश पाटीदार ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर नानु उर्फ नानालाल, विजय, सुनिल, अनिल, रूपा, देवीलाल, गणेश, भरत, नरेश, हालिया, एक अन्य अनिल और हरीश डामोर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इनमें से 6 लोगों को हिरासत में लिया गया है और बाकी की तलाश जारी है। ये भी पढ़ें:Banswara News:हत्या के बाद भड़की हिंसा की आग में खंडहर हुए 30 घर, गांव में सन्नाटा पसरा, समझाइश में लगी पुलिस हत्या की वजह और हिंसा पुलिस के अनुसार यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। मृतक की बहन और दूसरे पक्ष के युवक के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते रविवार रात झगड़ा बढ़ा और गोविंद की गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी गई। इसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के घरों पर हमला कर दिया, जिसमें आगजनी भी हुई और मकान, अनाज और वाहन जला दिए गए। घटना के बाद पहुंची पुलिस टीम पर भी ग्रामीणों ने पथराव किया और गांव में प्रवेश नहीं करने दिया। दमकल वाहनों को भी रोका गया, जिससे हालात और तनावपूर्ण हो गए थे। पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि मामले में तेजी से कार्रवाई की गई है। 6 संदिग्ध हिरासत में हैं और गांव में शांति बनी हुई है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 28, 2026, 14:45 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Banswara: एक्शन मोड में पुलिस, टामटिया मर्डर केस में छह संदिग्ध हिरासत में, फरार आरोपियों के लिए दबिश जारी #CityStates #Banswara #Rajasthan #RajasthanNews #SubahSamachar