पंजाब: ज्वालाजी में लुधियाना के युवक की संदिग्ध मौत, मंदिर परिसर में मिला शव

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में प्रसिद्ध ज्वालाजी मंदिर के पास एक शिव मंदिर परिसर में लुधियाना जिले के गांव बोपाराय कलां निवासी 25 वर्षीय गुरबख्श सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार देर रात हुई घटना का पता रविवार तड़के करीब पांच बजे श्रद्धालुओं को चला। युवक खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। सूचना पर ज्वालाजी पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल देहरा में रखवा दिया। पुलिस के अनुसार घटना शनिवार रात करीब दो बजे की है। जांच अधिकारी माया मशिंदर सिंह ने बताया कि मंदिर परिसर के सीसीटीवी फुटेज में गुरबख्श सिंह अकेले आते और अपने बैग से तेजधार कटर निकालते दिखाई दे रहा है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आत्महत्या का मामला मानकर जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। सोमवार को होगा पोस्टमॉर्टम पुलिस के अनुसार मृतक के परिजनों और पंचायत के सदस्यों के सोमवार को ज्वालाजी पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रख ली है। इसे परिजनों और पंचायत प्रतिनिधियों को भी दिखाया जाएगा। किसी व्यक्ति पर शक जाहिर किए जाने पर उस पहलू की भी जांच होगी। ज्वालाजी माता का भक्त था गुरबख्श गुरबख्श के चाचा और गांव के पंच जगदीश सिंह ने बताया कि वह ज्वालाजी माता का भक्त था और वर्ष में कई बार दर्शन के लिए आता था। शनिवार सुबह भी वह घर से ज्वालाजी के लिए निकला था। उसकी शादी नहीं हुई थी। गांव में चर्चा है कि वह पिता अमरजीत सिंह की दूसरी शादी और घर के कथित विवाद को लेकर मानसिक दबाव में था। हालांकि परिवार ने इस संबंध में कोई शिकायत या आधिकारिक बयान नहीं दिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर इस पहलू की भी जांच करेगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Aug 09, 2026, 21:47 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




पंजाब: ज्वालाजी में लुधियाना के युवक की संदिग्ध मौत, मंदिर परिसर में मिला शव #CityStates #Ludhiana #LudhiyanaBoyDeadBodyFoundJawalaJiTemple #LudhiyanaNews #PunjabNews #SubahSamachar