हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा: सुरजेवाला ने एग्जाम की निष्पक्षता पर उठाए सवाल, अभ्यर्थियों के वीडियो किए जारी
कांग्रेस सांसद एवं महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा के स्नातकोत्तर शिक्षक स्तर की परीक्षा में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि 4 जुलाई को प्रदेश के 238 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में कई स्थानों पर प्रश्न पत्रों की सील टूटी मिली, जिससे पूरी परीक्षा की निष्पक्षता संदेह के घेरे में आ गई है। उनके अनुसार रेवाड़ी, दादरी सहित कई केंद्रों पर यह स्थिति सामने आई और दादरी के अधिकारियों ने भी सील टूटने की बात स्वीकार की। सुरजेवाला ने कई अभ्यर्थियों के वीडियो भी जारी किए हैं। सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि रेवाड़ी और कैथल में प्रश्न पत्र तथा उत्तर पत्रिका के क्रमांक अलग-अलग मिले। कुछ परीक्षार्थियों को पहले दूसरे विषय का प्रश्न पत्र दिया गया, जिसे बाद में बदला गया।उन्होंने यह भी कहा कि प्रश्न पत्र में कई गंभीर त्रुटियां थीं। कुछ प्रश्न बिना गद्यांश के पूछे गए, एक प्रश्न में वाक्य ही नहीं छापा गया, कई शब्दों की वर्तनी गलत थी, विज्ञान विषय में अनुवाद संबंधी गलती हुई और वाणिज्य विषय में प्रश्नों का क्रम भी गलत पाया गया। कांग्रेस ने इन आरोपों के आधार पर पूरी परीक्षा रद्द कर दोबारा कराने, मामले की प्राथमिकी दर्ज कर जिम्मेदार अधिकारियों व दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा मुख्यमंत्री से युवाओं से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 05, 2026, 15:32 IST
हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा: सुरजेवाला ने एग्जाम की निष्पक्षता पर उठाए सवाल, अभ्यर्थियों के वीडियो किए जारी #CityStates #Chandigarh-haryana #HaryanaTeacherEligibilityTest #Surjewala #SubahSamachar
