पटना में आज: गन्ना नर्सरी और गुड़ संयंत्र का होगा शुभारंभ, सीएम सम्राट देंगे अधिवक्ताओं को खास तोहफा

पटना में आज का दिन राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक गतिविधियों के लिहाज से अहम रहने वाला है। गन्ना उद्योग विभाग की ओर से नौबतपुर के नगवां गांव में गन्ना नर्सरी, यंत्रिकरण बैंक और गुड़ संयंत्र का शुभारंभ किया जाएगा। इस कार्यक्रम में बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार शामिल होंगे। वहीं, बिहार विधान परिषद चुनाव में हार और दो निर्दलीय एमएलसी बंशीधर ब्रजवासी एवं राहुल राज की सदस्यता रद्द करने के मुद्दे पर छात्र नेता दिलीप कुमार प्रेस वार्ता करेंगे। इसके अलावा भाजपा पटना महानगर की ओर से दीघा विधानसभा क्षेत्र में प्रबुद्धजनों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। शाम को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पटना हाईकोर्ट परिसर में नव-नामांकित अधिवक्ताओं के लिए स्टाइपेंड योजना की शुरुआत करेंगे। इस दौरान राम बालक महतो स्मृति सभागार का उद्घाटन भी होगा। जानिए, आज की प्रमुख गतिविधियां सुबह 11 बजे: नौबतपुर में गन्ना नर्सरी और गुड़ संयंत्र का शुभारंभ गन्ना उद्योग विभाग, बिहार सरकार की ओर से पटना जिले के नौबतपुर प्रखंड के नगवां गांव में नवस्थापित गन्ना नर्सरी, यंत्रिकरण बैंक और गुड़ संयंत्र का शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम में बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार इन इकाइयों का उद्घाटन करेंगे। इस पहल का उद्देश्य गन्ना उत्पादन और उससे जुड़े कार्यों को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी रहेगी। दोपहर दो बजे: डॉ. राजनीश कांत की पुस्तक का होगा विमोचन बिहार के फिजियोथेरेपिस्ट, ऑस्टियोपैथ और काइरोप्रैक्टर डॉ. राजनीश कांत की पुस्तक 'राजनीश कांत मेथड (आरकेएम)' का विमोचन किया जाएगा। कार्यक्रम होटल पाटलिपुत्रा एग्जोटिका, एक्जीबिशन रोड में आयोजित होगा। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में महामंडलेश्वर हिमांगी सखी शामिल होंगी। दोपहर तीन बजे: एमएलसी चुनाव में हार और निर्दलीय सदस्यों की सदस्यता पर प्रेस वार्ता बिहार विधान परिषद चुनाव के नतीजों के बाद राजनीतिक विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। छात्र नेता दिलीप कुमार एमएलसी चुनाव में हार और निर्दलीय एमएलसी बंशीधर ब्रजवासी एवं राहुल राज की सदस्यता रद्द करने के मुद्दे पर प्रेस वार्ता करेंगे। यह प्रेस वार्ता वीरचंद पटेल पथ पर भाजपा और राजद कार्यालय के बीच आयोजित होगी। इसमें चुनाव परिणाम और दोनों निर्दलीय एमएलसी की सदस्यता को लेकर अपनी बात रखेंगे। शाम 4:30 बजे: दीघा में भाजपा का प्रबुद्धजन सम्मेलन भाजपा पटना महानगर की ओर से दीघा विधानसभा क्षेत्र में समाज के प्रबुद्ध लोगों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम मजिस्ट्रेट कॉलोनी स्थित सोनवर्षा मैरेज हॉल में होगा। इसमें बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। दीघा विधायक और बिहार विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक डॉ. संजीव चौरसिया भी मौजूद रहेंगे। सम्मेलन में बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन और भाजपा कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। शाम 5 बजे: मुख्यमंत्री करेंगे अधिवक्ताओं के लिए स्टाइपेंड योजना की शुरुआत पटना हाईकोर्ट परिसर में आज एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित होगा। बिहार के महाधिवक्ता एसडी संजय की ओर से आयोजित इस समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी नव-नामांकित अधिवक्ताओं के लिए स्टाइपेंड योजना का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही राम बालक महतो स्मृति सभागार का उद्घाटन भी किया जाएगा। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री, पटना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश वी. कामेश्वर राव, विधि मंत्री और हाईकोर्ट के अन्य न्यायाधीश शामिल होंगे। इस अवसर पर नव-नामांकित अधिवक्ताओं को चेक भी वितरित किए जाएंगे। समारोह का आयोजन पटना हाईकोर्ट परिसर स्थित महाधिवक्ता कार्यालय और एलएनएमआई ऑडिटोरियम में किया जाएगा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 04, 2026, 11:10 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




पटना में आज: गन्ना नर्सरी और गुड़ संयंत्र का होगा शुभारंभ, सीएम सम्राट देंगे अधिवक्ताओं को खास तोहफा #CityStates #Bihar #Patna #PatnaNews #BiharNews #PatnaEventsToday #SamratChoudhary #SugarcaneIndustryDepartment #SugarcaneNursery #JaggeryPlant #Naubatpur #RajneeshKantMethod #DrRajneeshKant #SubahSamachar