Ballia News: दिन-भर तीखी धूप, शाम को चली धूल भरी आंधी

बलिया। जिले में लगातार बदलते मौसम का दौर मंगलवार को भी जारी रहा। दिन भर तीखी धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया, वहीं, शाम करीब पांच बजे के बाद आसमान में काले बादल छा गए और धूल भरी आंधी चली। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। दो दिनों से शाम को आंधी का दौर शुरू हो जा रहा है। इससे बिजली व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो जा रही है। मंगलवार की शाम को 20-25 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चली। इस दौरान शहर की बिजली गुल हो गई, जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सुबह से ही चटख धूप खिलने से लोगों को गर्मी का एहसास हुआ। दिन भर लोग पसीना से तरबतर होते रहे। शाम को मौसम में बदलाव होने से लोगों को काफी राहत मिली। तेज हवाओं के कारण बाजारों में लोग बचने के लिए इधर-उधर छुपने लगे। वहीं दुकानदार भी सामान समेटने लगे। मंगलवार को अधिकतम तापमान 38 व न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को अधिकतम तापमान 37 व न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विशेषज्ञ प्रो. सुरेश सिंह ने बताया कि एकाध दिन मौसम इसी तरह बना रहेगा। गर्मी का दौर जारी रहने का अनुमान है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 02, 2026, 19:04 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Ballia News: दिन-भर तीखी धूप, शाम को चली धूल भरी आंधी #StrongSunshineThroughoutTheDay #FollowedByADustStormInTheEvening #SubahSamachar